नरसिंहपुर में स्कूल से लौटकर हुए विवाद के बाद विवाहिता ने लगाई फांसी, मौत
नरसिंहपुर (मध्य प्रदेश)। नरसिंहपुर जिले के ठेमी थाना अंतर्गत ग्राम करकबेल टपरिया में एक 26 वर्षीय विवाहिता द्वारा अपने घर के भीतर फांसी लगाकर आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिस पर अस्पताल पुलिस चौकी द्वारा मर्ग कि कार्यवाही कर ठेमी पुलिस को जांच सौंपी है।
कहासुनी के बाद मिला नम्रता का शव
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका नम्रता रोज की तरह स्कूल गई थीं। उनके पति अमन पटेल प्रतिदिन की तरह उन्हें स्कूल से लेकर घर पहुंचे और इसके पश्चात खेत चले गए। बताया जा रहा है कि स्कूल से लौटते समय दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। जब अमन खेत से वापस घर लौटे तो कमरा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज देने के बाद भी जब कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई, तो उन्होंने पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा। अंदर नम्रता का शव नायलॉन की रस्सी के सहारे छत के कुंदे से लटका मिला।
अस्पताल में मृत घोषित
परिजन तत्काल उन्हें फंदे से उतारकर नरसिंहपुर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके उपरांत शव को जिला अस्पताल भिजवाया गया। सूचना मिलने पर अस्पताल चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मृतका के पिता ने भी पति-पत्नी के मध्य आपसी अनबन की बात स्वीकार की है। अस्पताल चौकी से केस डायरी प्राप्त होते ही ठेमी पुलिस मामले की विस्तृत जांच शुरू करेगी।
यह भी पढ़ें: बच्चों के झगड़े में भिड़े बड़े, चाकू लगने से घायल युवक ने इलाज के दौरान तोड़ा दम