फंदे से लटककर विवाहिता की मौत, छह माह पहले किया था प्रेम विवाह
अमेठी: मुंशीगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में एक विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में पंचायतनामा की कार्रवाई के लिए मजिस्ट्रेट नामित किए जाने की प्रक्रिया की जा रही है।
छह माह पहले किया था प्रेम विवाह
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुरी लक्ष्मण शाह गांव निवासी अनामिका पुत्री राधेश्याम ने करीब छह माह पूर्व अरविंद पुत्र राजेंद्र कुमार निवासी गुडुर दानपुर, थाना मुंशीगंज के साथ प्रेम विवाह किया था। बताया गया कि 31 अक्टूबर 2026 की रात करीब 8 बजे अनामिका ने अपने ससुराल में दुपट्टे के सहारे घर की धरण से फांसी लगा ली।
जिला अस्पताल पहुंचाया गया, पुलिस को मिला मेमो
घटना के बाद परिजनों द्वारा उसे जिला अस्पताल गौरीगंज पहुंचाया गया, जहां से थाना मुंशीगंज को मेमो प्राप्त हुआ। सूचना के आधार पर पुलिस ने मामले की जानकारी दर्ज करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में होगी पंचायतनामा की कार्रवाई
मुंशीगंज थाना प्रभारी बृजेश सिंह ने बताया कि मामले में जिला अस्पताल से मेमो प्राप्त हुआ है। विवाहिता की मौत के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। चूंकि विवाह को लगभग छह माह ही हुए हैं, इसलिए पंचायतनामा की कार्रवाई के लिए मजिस्ट्रेट नामित किए जाने की प्रक्रिया की जा रही है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें: CEC ज्ञानेश कुमार को रांची ले जाने की चेतावनी पर विवाद, इरफान अंसारी बोले- 10 हजार समर्थकों के साथ आए हैं