इटावा के भरथना क्षेत्र में विवाहिता की संदिग्ध मौत

इटावा में विवाहिता की संदिग्ध मौत, पिता ने दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाकर पति समेत सात लोगों पर दी तहरीर

Married Woman Dies Suspiciously in Etawah, Dowry Harassment Alleged

इटावा (उत्तरप्रदेश)। भरथना थाना क्षेत्र के नगला वरुआ, पालीखुर्द गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। तबीयत अचानक बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय (सैफई पीजीआई) लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव भेजा पोस्टमार्टम के लिए

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका के पिता ने अपनी बेटी की मौत को दहेज प्रताड़ना का परिणाम बताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि शादी के बाद से ही पति और ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर उनकी बेटी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।

पति समेत सात लोगों पर लगाए आरोप

पीड़ित पिता ने आरोप लगाया कि लगातार हो रही प्रताड़ना के कारण उनकी बेटी की जान चली गई। उन्होंने पति समेत सात लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। 

जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में दहेज उत्पीड़न या अन्य आपराधिक तथ्य सामने आते हैं तो आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

मौत के कारणों की पुष्टि जांच के बाद होगी

फिलहाल, दहेज प्रताड़ना के आरोप मृतका के मायके पक्ष द्वारा लगाए गए हैं। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी। 

यह भी पढ़े:   नरसिंहपुर में 30 वर्षीय महिला की संदिग्ध मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही पुलिस