मुंगेर में 26 वर्षीय विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थ

मुंगेर में विवाहिता की संदिग्ध मौत, दहेज प्रताड़ना के आरोप

Married Woman Dies Under Suspicious Circumstances in Munger, Dowry Harassment Alleged

मुंगेर (बिहार)। वासुदेवपुर थाना क्षेत्र के चुरमबा गांव में शुक्रवार को 26 वर्षीय तमन्ना प्रवीण की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर वासुदेवपुर और पूरबसराय थाने की पुलिस के साथ एफएसएल की टीम पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

करीब पांच वर्ष पहले हुई थी शादी

जानकारी के अनुसार, तमन्ना की शादी करीब पांच वर्ष पहले चुरमबा निवासी नुर उद्दीन के बेटे सैफ अली से हुई थी। मृतका के पिता मुन्ना खां ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुरालवाले दहेज में 10 लाख रुपये और बुलेट मोटरसाइकिल की मांग करने लगे थे।

तमन्ना को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था

मांग पूरी नहीं होने पर तमन्ना को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। पिता का आरोप है कि पति सैफ अली विदेश जाने के लिए भी मायके से रुपये मांगने आया था। आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण रुपये देने में असमर्थता जताई गई। बाद में सैफ विदेश चला गया। इसके बाद भी सास, ससुर और देवर पर दहेज की मांग को लेकर तमन्ना को प्रताड़ित करने का आरोप है। 

दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर हत्या की आशंका

मुन्ना खां ने आशंका जताई है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुरालवालों ने तमन्ना की हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया। हालांकि पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है। तमन्ना अपने पीछे तीन साल की बेटी छोड़ गई है। वासुदेवपुर थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। एफएसएल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

यह भी पढ़ेंः जलजमाव से परेशान ग्रामीणों का प्रदर्शन, प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग