बहराइच में घर में दुपट्टे के सहारे लटकी मिली विवाहिता, मौत से मचा हड़कंप
बहराइच {उत्तरप्रदेश}। खैरीघाट थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। महिला का शव घर के अंदर दुपट्टे के सहारे लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पुलिस टीम ने पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया।
तीन साल पहले हुई थी शादी
मृतका की पहचान सुशीला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसकी शादी करीब तीन वर्ष पहले हुई थी। वह अरनवा ग्राम पंचायत के खालेपुरवा यानी भंडारीपुरवा की रहने वाली थी। अचानक हुई मौत से मायके और ससुराल पक्ष के लोगों में शोक का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही खैरीघाट पुलिस की चौकी टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ फॉरेंसिक टीम को बुलाकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए, ताकि मौत से जुड़े तथ्यों की जांच की जा सके।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह के मुताबिक महिला की मौत घर में दुपट्टे के सहारे लटकने से हुई है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़: मोतिहारी में यूरिया खाद की तस्करी मामले में एक गिरफ्तार, 31 बैग और तीन साइकिल जब्त