स्वामी विवेकानंद जयंती पर प्रदेश भर में आयोजित हुआ सामूहिक सूर्य नमस्कार
भोपाल। स्वामी विवेकानंद जयंती एवं राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर मध्य प्रदेश में रविवार को प्रदेशव्यापी स्तर पर सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए नशे से दूर रहने, योग और अनुशासित जीवनशैली अपनाने की अपील की।
राष्ट्र सेवा का मार्ग दिखाया
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने युवाओं को आत्मबल, चरित्र और राष्ट्र सेवा का मार्ग दिखाया। आज के समय में युवाओं का शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ होना बेहद जरूरी है, जिसके लिए योग सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे जैसी बुरी आदतों से दूरी बनाकर सकारात्मक जीवन की ओर बढ़ें।
सूर्य नमस्कार व प्रणायाम
प्रदेशभर में सुबह 9:30 बजे से 10:15 बजे तक एक साथ सूर्य नमस्कार और प्राणायाम कराया गया। सरकारी और निजी स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों तथा अन्य शैक्षणिक संस्थानों में लाखों विद्यार्थियों, शिक्षकों और जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की। राजधानी भोपाल से लेकर ग्रामीण अंचलों तक योग का उत्साह देखने को मिला।
शैक्षणिक संस्थाओं में कार्यक्रम
भोपाल के सुभाष एक्सीलेंस स्कूल सहित कई प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों में बड़े पैमाने पर छात्र-छात्राएं सामूहिक योगाभ्यास करते नजर आए। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का माहौल बना रहा।
स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, मानसिक तनाव को कम करना और स्वामी विवेकानंद के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना है। कार्यक्रम की सफलता के लिए शिक्षा विभाग, जिला प्रशासन और योग प्रशिक्षकों ने समन्वित रूप से कार्य किया।
राष्ट्रनिर्माण का संदेश
स्वामी विवेकानंद जयंती पर आयोजित यह सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम न केवल एक स्वास्थ्य अभियान बना, बल्कि युवाओं को आत्मनिर्भर, सशक्त और राष्ट्रनिर्माण के लिए प्रेरित करने का संदेश भी देता नजर आया।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/a-girl-died-and-nine-other-missing-after-a-fire-broke-out-in-arki-bazaar/104618