सीवान जिले के अलमापुर गांव में पटाखा फैक्ट्री में

सीवान की पटाखा फैक्ट्री में हुआ जोरदार धमाका, 5 लोगों की मौत

सीवान की पटाखा फैक्ट्री में हुआ जोरदार धमाका

सीवान: जिले के जामो थाना क्षेत्र के अलमापुर गांव में पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोटों से इलाके में हड़कंप मच गया। करीब डेढ़ घंटे तक रुक-रुककर 40 से 50 धमाके हुए, जिनमें अब तक पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। धमाकों की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि शवों के चिथड़े 200 से 300 मीटर दूर तक बिखर गए। घटना के बाद प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। शनिवार सुबह दो और शवों की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन दोबारा शुरू किया गया है।

पटाखा फैक्ट्री में डेढ़ घंटे तक हुए 40-50 धमाके

जानकारी के अनुसार, जामो थाना क्षेत्र के अलमापुर गांव में चल रही एक पटाखा फैक्ट्री में अचानक ब्लास्ट हो गया, जो करीब डेढ़ घंटे तक चला। 40-50 की संख्या में रुक-रुककर ब्लास्ट हुए, जिससे इलाका दहल गया। वहीं घटना की सूचना मिलते ही डीएम विजय प्रकाश मीणा, एसपी भारत सोनी पहुंचे और मोर्चा संभाला। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बम स्क्वॉयड, डॉग स्क्वायड, मेडिकल टीम के साथ एफएसएल और फायर बिग्रेड की टीम मौके पर बुलाई गई। इसके बाद राहत बचाव कार्य शुरू कराए गए, जिसमें करीब 200 से 300 मीटर की दूरी में उड़े शव के चिथड़े को मेडिकल टीम ने इकट्ठे किए और पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए। 

पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट में अब तक 5 मृतकों की पहचान

अब तक बरामद हुए शव की पहचान अमरुद्दीन मियां (65), पिता स्व इस्लाम मियां, मुस्कान सिद्दीकी (23), पिता स्व. आजाद आलम, खुशबू सिद्दीकी (13), पिता स्व. आजाद आलम, अरसद सिद्दीकी (8), पिता फिरोज अहमद, राज कुमार सिंह उर्फ भोला (35), पिता स्व. शंकर सिंह, सदरपुर बड़हरिया थाना के रूप में हुई है। वहीं अभी 2 और शव बरामद होने की उम्मीद है। देर रात अंधेरे को देखते हुए रेस्क्यू को रोक दिया गया था, जिसको आज सुबह शुरू किया गया है और घर के आसपास गहनता से जांच शुरू की गई है।

ये भी पढ़ें- गोरखपुर के कमलेश पांडेय की सऊदी अरब में ड्रोन हमले में मौत, परिवार में मातम