आयुर्वेदिक मेडिकल स्टोर में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख
बिजनौर: बिजनौर जनपद के चांदपुर थाना क्षेत्र के ढाली बाजार में आग की लपटें इस मेडिकल स्टोर को निगल रही हैं। सुबह का वक्त था, बाजार खुल ही रहा था कि अचानक इस आयुर्वेदिक स्टोर से धुआं उठने लगा। देखते ही देखते पूरी दुकान आग के गोले में तब्दील हो गई। बताया जा रहा है कि ये आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी। आग इतनी भीषण थी कि किसी को कुछ समझने का मौका ही नहीं मिला। दुकान के अंदर रखा लाखों रुपए का सामान, दवाइयां और फर्नीचर सब कुछ पल भर में जलकर खाक हो गया। दुकानदार का सब कुछ लुट गया और इस खौफनाक मंजर को देख पूरे ढाली बाजार में हड़कंप मच गया।
दुकानदारों में मची अफरा-तफरी
आग लगने के बाद आसपास के दुकानदार अपनी दुकानें छोड़कर बाहर भागे और अपना सामान बाहर निकालने लगे। हर तरफ चीख-पुकार मच गई। बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। जिसके बाद दमकल कर्मियों ने बड़ी मशक्कत के बाद बमुश्किल आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि इस भीषण हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।
ये भी पढ़ें: अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेल लाइन पर धमाके का शक, दो सीमेंट के खंभे क्षतिग्रस्त; जांच जारी