कोरबा के पावर हाउस रोड स्थित 'पैसा वसूल क्लॉथ स्टो

कोरबा में आधी रात कपड़ों के शोरूम में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख; बड़ा हादसा टला

Massive Fire at Korba Clothing Showroom at Midnight

कोरबा (छत्तीसगढ़): शहर के व्यस्ततम व्यावसायिक इलाके पावर हाउस रोड स्थित 'पैसा वसूल क्लॉथ स्टोर' में देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। दुकान से उठती आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। हालांकि, सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

देर रात दुकान से उठने लगा धुआं

जानकारी के अनुसार, मंगलवार को कोरबा में साप्ताहिक बंदी होने के कारण पावर हाउस रोड की अधिकांश दुकानें बंद थीं। देर रात करीब 12 बजे स्थानीय लोगों ने 'पैसा वसूल क्लॉथ स्टोर' के भीतर से भारी मात्रा में धुआं निकलते देखा। अनहोनी की आशंका को देखते हुए उन्होंने तुरंत इसकी सूचना दुकान संचालक को दी।

शटर खुलते ही दिखीं आग की लपटें

दुकान संचालक के मौके पर पहुंचने के बाद जैसे ही दुकान का शटर खोला गया, अंदर आग तेजी से फैल चुकी थी। कपड़े और अन्य कीमती सामान धू-धू कर जल रहे थे। इसके बाद तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई।

दमकल टीम ने आधे घंटे में पाया काबू

घटना की गंभीरता को देखते हुए दमकल की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और चारों ओर से पानी की बौछार कर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया। राहत की बात यह रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे आग आसपास की अन्य दुकानों तक नहीं फैल सकी।

शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी

पावर हाउस रोड शहर का प्रमुख और घना बाजार क्षेत्र है। यदि दमकल की टीम समय पर नहीं पहुंचती, तो आग पूरी मार्केट में फैल सकती थी और भारी नुकसान हो सकता था। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है, हालांकि शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट को इसकी वजह माना जा रहा है। मामले की जांच जारी है।

यह भी पढ़े: चंदौली में माँ काली मंदिर से 6 पीतल के घंटे चोरी, ग्रामीणों में आक्रोश; पुलिस जांच में जुटी