कटघोरा के पटाखा गोदाम में लगी भीषण आग, 10 लाख से अधिक का सामान जलकर खाक
कोरबा (छत्तीसगढ़)। कोरबा जिले के कटघोरा थाना अंतर्गत रामपुर बाईपास के पास स्थित पटाखा गोदाम में लगी भीषण आग को आखिरकार प्रशासनिक मुस्तैदी और भारी मशक्कत के बाद पूरी तरह बुझा लिया गया है। इस पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन में जिले की विभिन्न बड़ी औद्योगिक इकाइयों और पुलिस प्रशासन की दमकल गाड़ियों ने अहम भूमिका निभाई।
मौके पर पहुंचीं कई औद्योगिक इकाइयों की दमकल टीमें
आग की भयावहता को देखते हुए कटघोरा नगर पालिका की दमकल वाहन तत्काल मौके पर पहुंची, जिसने शुरुआती स्तर पर आग की लपटों को आगे बढ़ने से रोका। इसके बाद स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिले भर से बुलाई गई एनटीपीसी (NTPC), बालको (BALCO), सीएसईबी (CSEB), मारुति पावर प्लांट और पुलिस लाइन की कुल 5 दमकल गाड़ियों ने मिलकर राहत कार्य संभाला और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
लाखों के पटाखे जलकर खाक
गोदाम संचालक प्रदीप शर्मा ने बताया कि इस भीषण अग्निकांड में गोदाम के भीतर रखे लगभग 10 लाख रुपये से अधिक मूल्य के पटाखे और अन्य कीमती सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गए हैं। आग किस वजह से लगी, इसका वास्तविक कारण अभी तक अज्ञात है और पुलिस इसकी जांच कर रही है।
कोई जनहानि नहीं हुई
कटघोरा थाना प्रभारी धर्मनाथ तिवारी ने बताया कि जिले के सभी प्रमुख फायर ब्रिगेडों का सहयोग लेकर आग पर काबू पाया गया है। गनीमत यह रही कि यह गोदाम रामपुर बाईपास इलाके के एक सिंगल मकान (शून्य आबादी क्षेत्र) में स्थित था, जिसके आसपास कोई अन्य रिहाइशी मकान या बस्ती नहीं थी। इसी वजह से इस भयानक आगजनी में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
यह भी पढ़ें: मंदसौर में लाखों की मोबाइल चोरी का खुलासा, राजस्थान के लॉज से दबोचा गया शातिर चोर