सीतामढ़ी के रुन्नीसैदपुर में देर रात एक दुकान में

सीतामढ़ी में साड़ी दुकान में लगी भीषण आग, 90 लाख का सामान खाक

धू-धू जलती दुकान और खाक हो गए सामान

सीतामढ़ी (बिहार): जिले के रुन्नीसैदपुर प्रखंड मुख्यालय के गुदड़ी बाजार कपड़ा मंडी स्थित देवरानी साड़ी सेंटर में देर रात भीषण आग लगने से लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। आग लगने की सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। 

आधी रात को दुकान में लगी आग, सबकुछ खाक

उत्तरी रुन्नीसैदपुर के वार्ड संख्या-4 निवासी दुकान संचालक पंकज कुमार गुप्ता ने बताया कि वे रोज की तरह रात में दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे। रात करीब एक बजे स्थानीय चौकीदार महेश ने उन्हें फोन कर दुकान में आग लगने की सूचना दी। सूचना मिलते ही पंकज कुमार गुप्ता मौके पर पहुंचे, जहां दुकान के अंदर से आग की तेज लपटें निकल रही थीं। 

दुकान में आग लगने से 90 लाख रुपये का नुकसान 

चौकीदार की सूचना पर अग्निशमन विभाग की तीन गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दुकानदार के अनुसार, आग से दुकान में रखे कपड़े, नकद समेत अन्य सामान राख हो जाने से करीब 90 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।