बरेली में हार्डवेयर-परचून की दुकान में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख
बरेली {उत्तर प्रदेश}: जनपद के थाना फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के भिटौरा पुलिया के पास मंगलवार सुबह एक हार्डवेयर और परचून की दुकान में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में उसने विकराल रूप धारण कर लिया। दुकान के भीतर रखा हार्डवेयर और परचून का लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
अचानक लगी आग से मची अफरा-तफरी
दुकान स्वामी आकाश गुप्ता और डिम्पल गुप्ता ने बताया कि मंगलवार सुबह दुकान में अचानक आग लगने की जानकारी मिली। जब तक लोग कुछ समझ पाते और आग बुझाने का प्रयास शुरू करते, तब तक आग पूरे परिसर में फैल चुकी थी। आग की तेज लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा। आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।
दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू
सूचना मिलते ही दमकल विभाग को बुलाया गया। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकल कर्मियों ने लगातार पानी डालकर आग को फैलने से रोका। करीब दो घंटे तक चले अभियान के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया जा सका।
आसपास की दुकानों तक नहीं पहुंचने दी आग
फायर ब्रिगेड टीम प्रभारी के.के. बंसल ने बताया कि आग काफी भीषण थी। दुकान में मौजूद सामान के कारण आग तेजी से फैल गई, लेकिन दमकल कर्मियों के प्रयास से आग को आसपास की दुकानों और अन्य स्थानों तक पहुंचने से रोक लिया गया। घटना की सूचना पर थाना प्रभारी प्रवीन कुमार, चौकी प्रभारी आदेश कुमार समेत पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए लोगों को घटनास्थल से दूर रखा।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। दुकान स्वामियों के अनुसार आग में लाखों रुपये का सामान नष्ट हुआ है। पुलिस और दमकल विभाग नुकसान का आकलन करने के साथ ही आग लगने के कारणों की जांच कर रहा है।
यह भी पढ़ें: खड़ी ट्रक में कंटेनर ने मारी जोरदार टक्कर, हादसे में कंटेनर के उड़े परखच्चे