SECL कोरबा के मुड़ापार स्थित मुख्य अस्पताल के समीप

कोरबा के मुड़ापार साप्ताहिक बाजार में भीषण आग, तीन दुकानें जलकर खाक

Massive Fire Breaks Out in Korba Weekly Market

​कोरबा (छत्तीसगढ़)। SECL कोरबा के मुड़ापार स्थित मुख्य अस्पताल के समीप संचालित होने वाले साप्ताहिक बाजार में देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वहां मौजूद कचरे के ढेर में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया और पास की तीन दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया।

देखते ही देखते तीन दुकानें जलकर हुईं राख

इस हादसे में तीनों दुकानें धू-धूकर जल उठीं और उनमें रखा सारा सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया। ​मिली जानकारी के अनुसार, देर रात करीब 1 बजे आग इतनी तेजी से फैली कि दुकानदारों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। आसमान में धुएं का गुबार और उठती लपटें देख आस-पास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया था।

कड़ी मशक्कत से आग पर पाया गया काबू

​घटना की तत्काल सूचना मानिकपुर चौकी पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही मानिकपुर पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और मोर्चा संभाला। वहीं, दमकल के दो वाहनों ने मुस्तैदी दिखाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। वहीं आग बुझने के बाद स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने राहत की सांस ली। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों और मलबे से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ के जंगल में रहस्यमयी मौतें, जलस्रोत के पास मिले कई वन्यजीवों के शव