पूर्वी चंपारण में बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगी भीष

मोतिहारी में शॉर्ट सर्किट से पक्के मकान में लगी भीषण आग, दो भाइयों का घर जलकर राख

जला हुआ सामान

मोतिहारी (बिहार)। पूर्वी चंपारण जिले के सुगौली प्रखंड अंतर्गत सुकुल पाकड़ पंचायत के कचहरियां टोला स्थित वार्ड संख्या-12 में बिजली की शॉर्ट सर्किट से भीषण अगलगी की घटना हुई। आग की लपटों ने देखते ही देखते एक पक्के मकान को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पीड़ित परिवार के बीच चीख-पुकार शुरू हो गई। जानकारी के अनुसार, घटना के समय परिवार के सदस्य किचन रूम में मौजूद थे। 

बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगी आग

इसी दौरान बिजली के शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी ने आग का विकराल रूप धारण कर लिया। परिजनों ने आग बुझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया। इस अग्निकांड में सुरेंद्र पंडित और उमेश पंडित, दोनों भाइयों के घर का सारा सामान जलकर राख हो गया। आग की चपेट में आने से करीब दो लाख रुपये नकद, फ्रिज, अलमारी, सूटकेस, गैस चूल्हा, अनाज, कपड़े और अन्य कीमती घरेलू सामान पूरी तरह नष्ट हो गए। एक ही मकान में दोनों भाइयों का सामान रखा होने के कारण दोनों परिवारों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।

अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची

घटना की सूचना पर अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सब कुछ जलकर राख हो चुका था। इस घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने रोजमर्रा की जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है। पीड़ित सुरेंद्र पंडित और संध्या देवी ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कराकर उचित मुआवजा एवं आर्थिक सहायता देने की गुहार लगाई है। वहीं, पड़ोसी प्रमोद साह ने भी घटना की जानकारी दी।

यह भी पढ़ेंः बिजनौर में इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान में भीषण आग, लाखों रुपये का सामान जलकर राख