ट्रक पलटने से खुला गांजा तस्करी का बड़ा राज, 1.19 करोड़ रुपये के 238 किलो गांजे के साथ एक तस्कर गिरफ्तार
सूरजपुर (छत्तीसगढ़)। जिले में गांजा तस्करी के बड़े मामले का खुलासा हुआ है। चंदौरा थाना क्षेत्र के घाटपेण्डारी मुख्य घाट में पलटे एक ट्रक से पुलिस ने करीब 1 करोड़ 19 लाख रुपये कीमत का 238 किलो 290 ग्राम गांजा बरामद किया है। तस्करों ने गांजे को प्लास्टिक दाने की बोरियों के बीच छिपाकर ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाने की योजना बनाई थी। मामले में उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ निवासी 32 वर्षीय सुनील कुमार को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
30 सितंबर 2026 को मुखबिर से मिली थी सूचना
पुलिस के अनुसार, 30 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि घाटपेण्डारी घाट में दुर्घटनाग्रस्त ट्रक क्रमांक यूपी 13 टी 5497 से सामान निकालकर कुछ बोरियों को सड़क किनारे गड्ढे में तिरपाल से ढककर छिपाया गया है। सूचना पर चंदौरा पुलिस मौके पर पहुंची। तलाशी के दौरान 9 बोरियों में भरा 238 किलो 290 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा 19 बड़ी बोरियों में प्लास्टिक दाना और करीब 12 लाख रुपये कीमत का क्षतिग्रस्त 12 चक्का टाटा ट्रक भी जब्त किया गया।
ओडिशा से लखनऊ जा रहा था ट्रक, दुर्घटना के बाद छिपाया गांजा
पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी सुनील कुमार ने कथित तौर पर बताया कि ट्रक उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ निवासी उसके साथी के नाम पर पंजीकृत है और वह इसे साझेदारी में संचालित करता था। ट्रक में हाथरस निवासी चालक के माध्यम से ओडिशा से प्लास्टिक दाने के साथ गांजा लोड कर लखनऊ ले जाया जा रहा था। 29 सितंबर को घाट में ट्रक पलटने के बाद गांजे को गड्ढे में छिपाकर तिरपाल से ढक दिया गया था।
एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की तलाश के साथ तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह धुर्वे सहित चंदौरा थाना पुलिस की टीम सक्रिय रही।
यह भी पढ़ेंः पीलीभीत में सड़क किनारे मिला युवक का शव, भाई ने भतीजे पर हत्या का लगाया आरोप; पुलिस जांच में जुटी