रीवा में 15 घंटे बाद खुला भीषण जाम, बीहर नदी पुल में दरार के कारण मचा था हाहाकार
रीवा। रीवा के बेला बायपास पर पिछले 15 घंटों से लगा भीषण जाम आखिरकार गुरुवार को खुल गया। बुधवार रात से शुरू हुई इस समस्या के कारण करीब 15 किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार लग गई थी, जिसमें हजारों ट्रक और भारी वाहन फंसे रहे। रतहरा-चोरहटा बायपास मार्ग पर स्थित बीहर नदी के पुल के गर्डर में दरार आने के कारण प्रशासन ने भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया था।
वैकल्पिक मार्ग पर जाम खुलवाने तीन घंटे की कड़ी मशक्कत
वैकल्पिक मार्ग पर भी जाम को खुलवाने के लिए मैहर और सतना पुलिस की संयुक्त टीम ने करीब 3 घंटे तक कड़ी मशक्कत की, जिसके बाद यातायात धीरे-धीरे सुचारू हो सका।
भीषण गर्मी में पानी और भोजन की नहीं थी व्यवस्था
सड़क के दोनों ओर बुधवार रात से फंसे वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। भीषण गर्मी के बीच चालकों के लिए भोजन और पानी की कोई व्यवस्था नहीं थी। यह मार्ग मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश (प्रयागराज-वाराणसी) को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण रूट है, जिसके बंद होने से व्यापारिक गतिविधियों पर भी बुरा असर पड़ा है।ृ
30 अप्रैल तक भारी वाहनों के लिए नो इंट्री
पुल की जर्जर स्थिति को देखते हुए कलेक्टर ने 30 अप्रैल तक भारी वाहनों के लिए 'नो एंट्री' लागू कर दी है। वर्तमान में भारी वाहनों को मैहर-सतना-चित्रकूट मार्ग के जरिए डायवर्ट किया जा रहा है। प्रशासन ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे इस रूट पर यात्रा करने से पहले वैकल्पिक रास्तों की जानकारी जरूर ले लें, क्योंकि पुल की मरम्मत होने तक डायवर्जन लागू रहेगा।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/india/piyush-goyal-on-india-us-trade-deal-best-deal-compared-to-neighbouring/131831