जौनपुर के मड़ियाहूं-जौनपुर मार्ग पर तेज हवा और बार

जौनपुर में पेड़ गिरने से यातायात और बिजली आपूर्ति ठप, तीन घंटे बाद रास्ता खुला

तेज हवा-बारिश में सड़क पर गिरा विशाल पेड़

जौनपुर: मड़ियाहूं-जौनपुर मार्ग पर शनिवार दोपहर अचानक तेज हवा और बारिश के बीच एक विशाल पेड़ सड़क के बीचों-बीच जा गिर गया। पेड़ की चपेट में आने से दो टोटो और एक साइकिल क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि बिजली का खंभा टूटने से इलाके की बिजली सप्लाई भी पूरी तरह ठप हो गई। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। दो लोग मामूली चोटिल हुए है।

पेड़ गिरने से टोटो और साइकिल क्षतिग्रस्त

सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट‌ गई है। घटना काजीकोट मोहल्ले की है। बताया गया कि संजीव कुमार गुप्ता सवारियों को लेकर मड़ियाहूं पड़ाव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक पेड़ गिरने लगा। खतरा भांपते ही संजीव कुमार और सवारियों ने टोटो से उतरकर अपनी जान बचाई, लेकिन देखते ही देखते पेड़ टोटो पर जा गिरा और वह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं, राजेश पटेल की साइकिल भी पेड़ की चपेट में आकर टूट गई, जबकि प्रमोद जायसवाल का दूसरा टोटो भी मामूली रूप से क्षतिग्रस्त हुआ। 

पेड़ गिरने से बिजली आपूर्ति और यातायात ठप

पेड़ गिरने से बिजली का खंभा भी टूट गया, जिससे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई और मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। करीब तीन घंटे तक लोग सड़क खुलने का इंतजार करते रहे। सूचना के बाद वन विभाग और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पेड़ हटाने के साथ टूटे बिजली खंभे की मरम्मत का काम शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद सड़क को यातायात के लिए साफ कराया जा सका। इसके बाद आवागमन सामान्य हुआ और क्षेत्र की बिजली व्यवस्था बहाल करने की कार्रवाई भी शुरू की गई। 

ये भी पढे़ं- शाजापुर में गणेश विसर्जन के दौरान भिड़े दो पक्ष, पुलिस की मौजूदगी में जमकर हुआ विवाद