उत्तराखण्ड के श्री बदरीनाथ धाम में माता मूर्ति महो

श्री बदरीनाथ धाम में वामन द्वादशी के पर्व पर आयोजित हुआ माता मूर्ति मेला

माता मुर्ती देवी का मेला

बदरीनाथ धाम (उत्तराखण्ड)। श्री बदरीनाथ धाम में माता मूर्ति महोत्सव धूमधाम एवं सदियों पुरानी धार्मिक परंपराओं के साथ मनाया गया। बदरीनाथ धाम के रावल की अगुवाई में डिमरी पंचायत के प्रतिनिधि, मंदिर से जुड़े लोग और श्रद्धालु भगवान उद्धव जी की डोली लेकर माणा गांव पहुंचे। माणा में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ डोली का स्वागत किया। इस दौरान भगवान उद्धव जी को जौ की हरियाली भेंट की गई। इसके बाद डोली माता मूर्ति मंदिर पहुंची।

घंटाकर्ण महाराज ने भगवान बदरीविशाल को दिया न्योता

इस अवसर पर श्री बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, सलाहकार माधव सेमवाल, सदस्य डा. विनीत पोस्ती सहित हजारों की संख्या में स्थानीय श्रद्धालु एवं तीर्थयात्री माता मूर्ति मंदिर में पूजा-अर्चना तथा श्री उद्धव जी के अभिषेक पूजा में शामिल हुए तथा माता मूर्ति के दर्शन किए। घंटाकर्ण महाराज ने भगवान बदरीविशाल को माता मूर्ति मंदिर आने का न्योता दिया था। वहीं बीकेटीसी के अधीनस्थ श्री त्रियुगीनारायण मंदिर (रूद्रप्रयाग) में भी बामन द्वादशी मेला चल रहा है।

कुबेर जी के पश्वा द्वारा मंदिर में स्नान की धार्मिक परंपरा संपन्न

बदरीनाथ मंदिर में भोग लगने के पश्चात गढ़वाल स्काउट के बैंड की भक्तिमय धुनों के साथ भगवान नारायण के प्रतिनिधि श्री उद्धव जी ने डोली में विराजमान होकर माता मूर्ति मंदिर के लिए प्रस्थान किया। श्री उद्धव जी माता मूर्ति मंदिर पहुंचकर भगवान बदरीविशाल की माता जी मूर्ति देवी से मिले तथा माता मूर्ति की कुशल क्षेम मालूम की। बीकेटीसी मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ तथा अन्य श्रद्धालु गण कुबेर जी एवं भगवान नारायण की डोली सेवा में मुख्य रूप से शामिल रहे। कल बुधवार देर शाम परंपरा के अनुसार शाम कुबेर जी के पश्वा द्वारा मंदिर में स्नान की धार्मिक परंपरा भी संपन्न हुई।

माता मूर्ति मंदिर पहुंचने पर कुबेर जी की विधिवत पूजा

माता मूर्ति मंदिर पहुंचने पर कुबेर जी की विधिवत पूजा-अर्चना एवं अभिषेक किया गया। दिन के भोग के बाद अपराह्न 3 बजे श्री उद्धव जी वापस श्री बदरीनाथ मंदिर लौट आए। इस अवधि में श्री बदरीनाथ मंदिर के कपाट बंद रहे। इसके साथ ही माता मूर्ति मेले का समापन हुआ।

यह भी पढ़ेंः बेंजामिन नेतन्याहू के भाषण से पहले प्रदर्शनकारियों और जवाबी प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प