मथुरा के जैत थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप से 3,800

मथुरा में बिना पैसे दिए 3800 रुपये का डीजल लेकर भागे 3 युवक गिरफ्तार, काली थार बरामद

Mathura Police Arrest 3 Youths for Fleeing Without Paying for Diesel

मथुरा (उत्तर प्रदेश)। थाना जैत क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 स्थित कोटा के बांके बिहारी पेट्रोल पंप पर बिना पैसे दिए डीजल भरवाकर भागने वाले तीन युवकों को पुलिस ने 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई काली महिंद्रा थार गाड़ी और 3800 रुपये कीमत का डीजल बरामद किया है। तीनों आरोपी मथुरा जिले के मगोर्रा थाना क्षेत्र के सहायपुर जाटान गांव के रहने वाले हैं।

बिना नंबर प्लेट की थार से आए युवकों ने भरवाया 3800 रुपये का डीजल

पुलिस के अनुसार, 10 अक्टूबर 2026 की रात करीब दो बजे बिना नंबर प्लेट की काली थार गाड़ी में सवार तीन युवक एनएच-19 स्थित कोटा के बांके बिहारी पेट्रोल पंप पर पहुंचे। यहां उन्होंने पेट्रोल पंप पर सेल्समैन के रूप में कार्यरत सतीश कुमार से गाड़ी में 3800 रुपये का डीजल भरवाया। डीजल भरवाने के बाद तीनों युवक बिना पैसे दिए ही गाड़ी लेकर फरार हो गए। 

गाड़ी पर नंबर प्लेट नहीं थी, बल्कि अस्थायी नंबर टीडी62एमपी2959सी लिखा हुआ था। घटना के संबंध में वादी अनुज शर्मा निवासी आरएस कॉम्प्लेक्स, बिरला मंदिर, थाना गोविंद नगर, मथुरा की लिखित तहरीर के आधार पर थाना जैत में मुकदमा दर्ज किया गया। जैत थाना अध्यक्ष सोनू कुमार ने बताया घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित की गई।

सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंची पुलिस

घटना की गंभीरता को देखते हुए जैत पुलिस ने पेट्रोल पंप और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही पुलिस ने लगातार सुरागरसी और पतारसी करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक, 10 अक्टूबर को रात करीब 9:15 बजे मानवेन्द्र नगर कॉलोनी से जंगल की ओर जेसीआर फार्म के गेट से करीब 150 मीटर दूर सड़क किनारे दीवार के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके कब्जे से डीजल भरवाने में इस्तेमाल की गई काली महिंद्रा थार भी बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनंत पुत्र नरेंद्र सिंह, निक्की पुत्र रतन सिंह और योगेश पुत्र हरि किशन के रूप में हुई है। तीनों की उम्र करीब 18 वर्ष है और वे सहायपुर जाटान, थाना मगोर्रा, जनपद मथुरा के निवासी हैं।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3800 रुपये कीमत का डीजल और बिना नंबर प्लेट की काली महिंद्रा थार बरामद की है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की है। 

यह भी पढ़ें:   झालावाड़ में 6.50 लाख की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, नाकाबंदी के दौरान पुलिस की कार्रवाई