मथुरा में ANTF आगरा और रिफाइनरी पुलिस की संयुक्त ट

मथुरा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कंटेनर से 250 किलो गांजा बरामद

गाँजे के साथ गिरफ्तार आरोपी

मथुरा (उत्तर प्रदेश)। नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मथुरा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) आगरा और थाना रिफाइनरी पुलिस की संयुक्त टीम ने नेशनल हाईवे पर एक कंटेनर से 250 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद गांजे की कीमत करीब 1 करोड़ 25 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है और तस्करी में प्रयुक्त कंटेनर, मोबाइल फोन व नकदी भी बरामद की है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली सूचना

यह कार्रवाई  पुलिस अधीक्षक मथुरा श्लोक कुमार और पुलिस अधीक्षक एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स लखनऊ के संयुक्त निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी रिफाइनरी एवं ANTF आगरा के पर्यवेक्षण में की गई। रविवार 25 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से गांजे की एक बड़ी खेप कंटेनर में लादकर हरियाणा की ओर ले जाई जा रही है, जो मथुरा होते हुए निकलेगी। सूचना मिलते ही संयुक्त टीम ने थाना रिफाइनरी क्षेत्र में नेशनल हाईवे-2 पर घेराबंदी कर सघन चेकिंग शुरू की। कुछ देर बाद हरियाणा नंबर के एक कंटेनर संख्या एचआर 73 बी 2186 को रोककर जब उसकी तलाशी ली गई तो उसमें तहखाने में छिपाकर रखा गया 250 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

तीनों शातिर किस्म के तस्कर

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सतीश कुमार पुत्र पदम सिंह निवासी मोहम्मदपुर, थाना पिनगुआ जिला नूंह मेवात, नासिर पुत्र वसीर निवासी ग्राम शहजादपुर थाना पिनगुआ जिला नूंह मेवात और आशिफ पुत्र अब्दुल करीम निवासी मोहम्मदपुर जिला नूंह मेवात के रूप में हुई है। तीनों शातिर किस्म के तस्कर बताए जा रहे हैं।

जितेंद्र नाम के व्यक्ति से संपर्क कर गांजा खरीदा

पूछताछ में आरोपी सतीश ने बताया कि वह 17 अक्टूबर को अपने साथियों के साथ खाली कंटेनर लेकर ओडिशा के ब्रह्मपुर गया था। वहां उसकी पहले से जान पहचान वाले जितेंद्र नाम के व्यक्ति से संपर्क कर गांजा खरीदा गया। इसके बाद ओडिशा के रायपंखा क्षेत्र में कंटेनर में गांजा लोड किया गया। यह पूरी खेप उत्तर प्रदेश और हरियाणा बॉर्डर पर शमशेर नाम के व्यक्ति को देने के लिए लाई जा रही थी।

आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना रिफाइनरी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े ओडिशा के सप्लायर जितेंद्र और हरियाणा के शमशेर की तलाश में जुट गई है। 

यह भी पढ़ेंः मोतिहारी में पुलिस का विशेष अभियान, विभिन्न मामलों के 37 अभियुक्तों की गुंडा परेड