मथुरा के नंदगांव रोड फ्लाईओवर पर अज्ञात वाहन की टक

मथुरा में अज्ञात वाहन की टक्कर से पत्नी की मौत, पति सहित एक अन्य महिला घायल

Mathura: Wife killed, husband and another woman injured in hit-and-run

मथुरा (उत्तर प्रदेश)। बरसाना से दिल्ली की ओर जा रहे बाइक सवार एक दंपत्ति सहित एक अन्य महिला को नंदगांव रोड फ्लाईओवर पर किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने सभी घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने एक महिला को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि घायलों का उपचार जारी है।

अज्ञात वाहन ने बाइक में मारी जोरदार टक्कर 

जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे, रहेरा थाना बरसाना निवासी बाइक सवार ओमप्रकाश अपनी पत्नी गीता (55) और एक अन्य महिला के साथ दिल्ली की ओर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही वे नंदगांव रोड फ्लाईओवर पर पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया

हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए जाम लग गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाकर यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया। अस्पताल में डॉक्टरों ने गीता को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल ओमप्रकाश और अन्य महिला को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश सिंह ने बताया कि मामले में अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें:   बैतूल में सिर्फ एक गिलास पानी पर खूनी बवाल, युवक की हत्या में 3 आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार