बिसावर में मैक्स लोडर ने टेंपो को मारी टक्कर, चार घायल
हाथरस {उत्तर प्रदेश}: हाथरस के सादाबाद क्षेत्र में मंगलवार रात एक सड़क हादसे में टेंपो सवार चार लोग घायल हो गए। हादसा सादाबाद-मथुरा मार्ग पर बिसावर के नयाबाग के पास उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार मैक्स लोडर ने सवारियों से भरे टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि टेंपो में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई।
ग्रामीणों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
हादसे के बाद मौके पर आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तत्काल घायलों को टेंपो से बाहर निकाला और उपचार के लिए बिसावर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां सभी घायलों का उपचार चल रहा है। घायलों की पहचान बच्चू सिंह निवासी अरोठा बसींम, रसीद निवासी थाना सादाबाद वाली गली, विकास पुत्र संजय निवासी राधापुरम सादाबाद और चेतन पुत्र उदयवीर के रूप में हुई है। हादसे में घायल लोगों को चोटें आने के चलते चिकित्सकों द्वारा उपचार किया जा रहा है।
सड़क पर लगा आंशिक जाम
वहीं दुर्घटना के बाद सादाबाद-मथुरा मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई और सड़क पर आंशिक रूप से जाम की स्थिति बन गई। हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस और बिसावर पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची।
मैक्स चालक मौके से फरार
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारु कराया। पुलिस टीम ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल भी जाना। बताया जा रहा है कि टक्कर के बाद मैक्स लोडर का चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस कर रही हादसे की जांच
फिलहाल पुलिस फरार मैक्स चालक की तलाश में जुटी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा आसपास के लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
ये भी पढ़ें: अयोध्या दीपोत्सव के लिए रायबरेली जेल में तैयार हो रहे दीये, बंदियों के हाथों को मिला नया हुनर और रोजगार