मायावती ने बिहार चुनाव की निष्पक्षता पर उठाए सवाल
Mayawati : बहुजन समाज पार्टी अध्यक्ष मायावती ने बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर केंद्रीय निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता पर निशाना साधा है। मायावती ने कहा कि बिहार में चुनाव निष्पक्ष होते तो बीएसपी का प्रदर्शन और अच्छा होता। बीएसपी प्रमुख ने कैमूर जिले की रामगढ़ सीट पर पार्टी उम्मीदवार की जीत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि बिहार चुनाव पूरी तरह से निष्पक्ष चुनाव होता तो बसपा और भी कई सीटें जीतती। लेकिन इससे पार्टी के लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है, बल्कि आगे और भी अधिक तैयारी के साथ काम करते रहना है। मालूम हो कि बिहार के सासाराम क्षेत्र के कैमूर जिले में बीएसपी उम्मीदवार सतीश कुमार सिंह यादव ने जीत दर्ज की है।
बीएसपी प्रमुख मायावती ने पार्टी की बैठक में कैमूर जिले की रामगढ़ सीट पर बीएसपी उम्मीदवार सतीश कुमार सिंह यादव को जीत दिलाने के लिए पार्टी के सभी लोगों को बधाई दी और उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि वोटों की गिनती बार-बार कराने के बहाने वहां के प्रशासन और विरोधी पार्टियों द्वारा बीएसपी उम्मीदवार को हराने का पूरा प्रयास किया गया, लेकिन पार्टी के बहादुर कार्यकर्ताओं का पूरे समय तक डटे रहने से विरोधियों का यह षडयंत्र सफल नहीं हो सका।
बीएसपी उम्मीदवारों ने विरोधियों को कांटे की टक्कर दी
मायावती ने कहा कि बिहार के इस क्षेत्र की अन्य सीटों पर भी बीएसपी उम्मीदवारों ने विरोधियों को कांटे की टक्कर दी। हालांकि वे चुनाव नहीं जीत सके पर इससे पार्टी का जनाधार मजबूत हुआ है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बिहार में पूरे जी-जान से लगे रहने का संदेश दिया। मायावती ने कहा कार्यकर्ता दलित शोषित वर्ग की आवाज उठाने के लिए काम करें जिससे बिहार भी डॉ. भीमराव आंबेडकर और कांशीराम के 'सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय' की धरती बन सके।
मायावती ने डॉ. आंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस पर नोएडा में बड़ी रैली करने के संकेत दिये। बिहार चुनाव के बाद कार्यकर्ताओं और समर्थकों का मनोबल बरकरार रखने और पश्चिमी यूपी में सांसद चन्द्रशेखर रावण के बढ़ते प्रभाव को कम करने के लिए मायावती नोएडा में रैली कर सकती हैं। माना जा रहा है कि रैली में बड़ी संख्या में पश्चिमी यूपी के कार्यकर्ताओं को बुलाया जा सकता है। मालूम हो कि आगामी 6 दिसंबर को डॉ. भीमराव आंबेडकर का परिनिर्वाण दिवस है। इसी को ध्यान में रखते हुए मायावती अपना वोट एकजुट रखने के इरादे सेयनोएडा में रैली की योजना बना रही हैं। इसके लिए पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने तैयारी शुरू कर दी है। रैली में मायावती के साथ आकाश आनंद भी मौजूद रहेंगे।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/state/the-son-of-former-bjp-mla-kunwar-pranav-created-chaos-in-dehradun/97899