शहर से एक दर्दनाक और चौंकाने वाला मामला सामने आया

MBBS छात्र अंतरिक्ष ने सुबह पिता से मांगे मैस के पैसे, दोपहर में लगा ली फांसी

MBBS Student Found Dead at MGM Medical College

इंदौर। शहर से एक दर्दनाक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एमजीएम मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे छात्र अंतरिक्ष ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हैरानी की बात यह है कि आत्महत्या से कुछ घंटे पहले ही अंतरिक्ष ने अपने पिता से मैस के पैसे मांगे थे और वह सामान्य बातचीत कर रहा था।

सुबह पिता से मैस फीस के लिए की थी बात

परिजनों के अनुसार, सुबह अंतरिक्ष ने फोन पर पिता से मैस फीस को लेकर बात की थी। बातचीत में किसी तरह की बेचैनी या तनाव नजर नहीं आया, लेकिन महज चार घंटे बाद दोपहर में उसके आत्महत्या करने की खबर ने परिवार को झकझोर दिया। 

बताया था, परेशन करता है सीनियर्स व कुछ प्रोफेसर का व्यवहार

परिवार का कहना है कि अंतरिक्ष एमजीएम मेडिकल कॉलेज में प्रवेश लेने के बाद से ही कॉलेज के नियम-कायदों और रैगिंग को लेकर मानसिक रूप से परेशान था। उसने अपने परिजनों को बताया था कि सीनियर्स और कुछ प्रोफेसरों का व्यवहार उसे असहज करता था। उसने यह भी कहा था कि कॉलेज में कुछ सीनियर छात्रों द्वारा लगातार मानसिक दबाव बनाया जा रहा है।

कॉलेज की स्थिति व रैंगिग परेशानियों की दी थी जानकारी

सूत्रों के मुताबिक, अंतरिक्ष ने हाल ही में अपनी चचेरी बहन को भी कॉलेज की स्थिति और रैगिंग से जुड़ी परेशानियों के बारे में बताया था। परिवार का आरोप है कि शिकायत के बावजूद उसे अपेक्षित सहयोग नहीं मिला।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। छात्र के मोबाइल, चैट और कॉल रिकॉर्ड की जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आत्महत्या से पहले वह किन परिस्थितियों से गुजर रहा था।

नियमित काउंसलिंग व सुरक्षित माहौल जरूरी

कॉलेज प्रशासन का कहना है कि मामले की आंतरिक जांच की जा रही है और यदि रैगिंग या नियमों के दुरुपयोग की पुष्टि होती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह मामला एक बार फिर मेडिकल छात्रों पर बढ़ते मानसिक दबाव, रैगिंग और शैक्षणिक तनाव को उजागर करता है। विशेषज्ञों का कहना है कि मेडिकल कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्रों को नियमित काउंसलिंग और सुरक्षित माहौल मिलना बेहद जरूरी है।

मानसिक तनाव है तो तुरंत लें मदद

यदि आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव में है, तो तुरंत मदद लें। भारत सरकार की मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन नंबर Kiran – 1800-599-0019 (24×7) है।

यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/special-darshan-arrangements-at-mahakaleshwar-temple-for-mahashivratri/132055

महाशिवरात्रि पर महाकाल मंदिर में विशेष दर्शन व्यवस्था, महाकाल लोक से होगा प्रवेश