मेरठ के फफूदा गांव में मामूली कहासुनी के बाद दो पक

मेरठ में दुकान पर कहासुनी के बाद दो पक्षों में खूनी संघर्ष, जमकर चलीं गोलियां; 8 हिरासत में

Meerut Kotwali Circle Officer Sangram Singh

मेरठ (उत्तर प्रदेश)। मेरठ के लोहिया नगर थाना क्षेत्र स्थित फफूदा गांव में पड़ोसियों के बीच मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। देखते ही देखते दोनों ओर से अंधाधुंध गोलीबारी शुरू हो गई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 8 लोगों को हिरासत में ले लिया है।

दुकान पर शुरू हुई थी कहासुनी

मामला लोहिया नगर थाना क्षेत्र के फफूदा गांव का है। पुलिस के मुताबिक, गांव की एक स्थानीय दुकान पर पड़ोसी आरिफ और फरमान के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। उस वक्त तो मामला शांत हो गया, लेकिन असली विवाद तब बढ़ा जब दोनों अपने-अपने घर लौट रहे थे।

रास्ते में दोनों पक्षों के परिजन भी आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद में घर की महिलाएं भी शामिल हो गईं और दोनों ओर से तीखी झड़प शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों ने हथियार निकाल लिए और एक-दूसरे पर फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 8 गिरफ्तार

गोलीबारी की आवाज से गांव में अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही लोहिया नगर थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया।

मामले की जानकारी देते हुए मेरठ कोतवाली के क्षेत्राधिकारी (CO) संग्राम सिंह ने बताया, "पुलिस को लोहिया नगर थाना क्षेत्र के फफूदा गांव में गोलीबारी की सूचना मिली थी। स्थानीय पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच की, तो पता चला कि आरिफ और फरमान के बीच दुकान पर बहस हुई थी। घर लौटते समय उनके परिवारों और महिलाओं के बीच झगड़ा हुआ, जिसके बाद दोनों पक्षों ने फायरिंग की। पुलिस ने मौके से 8 लोगों को हिरासत में ले लिया है।" ​(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: मेरठ में एमडीए के खिलाफ व्यापारियों का प्रदर्शन, पुतला कब्जे में लेने पर पुलिस से नोकझोंक