मेरठ के दिग्विजय और मोहित ने अखिलेश यादव से मिलकर

मेरठ के युवकों ने अखिलेश यादव से की मुलाकात, SSP पर लगाया कस्टडी में बेरहमी से पीटने का आरोप

Meerut Youths Meet Akhilesh Yadav

लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। मेरठ के दिग्विजय भाटी और मोहित जाटव ने रविवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की। उन्होंने मेरठ के पुलिस कप्तान अविनाश पाण्डेय पर उनके साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया। इस दौरान समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजकुमार भाटी भी उनके साथ मौजूद रहे।

SSP पर गालियां देने और बेरहमी से पीटने का आरोप

दिग्विजय सिंह भाटी ने बताया, "वे और मोहित जाटव 17 अगस्त 2026 को लखनऊ में अखिलेश यादव से मिलने आए थे। उन पर फर्जी मुकदमें लगाए जा रहे है। 19 अगस्त 2026 को पुलिस कप्तान अविनाश पाण्डेय ने दोनों साथियों को बुलाया। उनके कार्यालय में जाते ही पुलिस कप्तान ने गालियां देते हुए कहा कि तुम गूजर नेता बनते हो, तुम दलित हो। तुम सबको नेता बनाता हूं। इसके बाद अलग कक्ष में ले जाकर दोनों की बुरी तरह पिटाई की गई। उनके पैर ऊपर बांध कर पीटा गया। कप्तान की मार से दिग्विजय भाटी के आंख पर गंभीर चोट लगी। मोहित जाटव को भी यातनाएं दी गई।"

एनकाउंटर का था डर, सपा विधायक ने बचाई जान

दिग्विजय भाटी एवं मोहित जाटव ने बताया कि रात में उन्हें सिविल लाइंस थाना लाया गया फिर जीप पर बिठाकर 3-4 किलोमीटर तक घुमाते रहे। लगता है उनके एनकाउंटर की योजना थी। इस बीच सूचना पाकर विधायक अतुल प्रधान ने जीप के आगे अपनी गाड़ी लगा दी और पुलिस के रवैये पर रोश जताया। तब इन लोगों को छोड़ा गया लेकिन अभी तक इनका मेडिकल नहीं कराया गया।

सपा प्रमुख ने दिलाया न्याय का भरोसा

अखिलेश यादव ने भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी भाटी और जाटव भाई को न्याय दिलाने में मदद करेगी। पार्टी उनके साथ है। दोषी अफसर के खिलाफ FIR दर्ज होनी चाहिए। समाजवादी सरकार बनने पर इस सम्बंध में कड़ी कार्रवाई होगी। ​(Published By: Ravi Pandey)

यह भी पढ़ें: अखिलेश यादव का भाजपा सरकार पर तीखा हमला, JPNIC बिक्री से लेकर भ्रष्टाचार और महंगाई पर साधा निशाना