यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में छाई मेरठ की रेवड़ी-गजक और नानखटाई, देशी-विदेशी मेहमानों ने चखा पारंपरिक स्वाद
ग्रेटर नोएडा (उत्तर प्रदेश)। ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में शुरू हुए उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो में इस बार मेरठ की प्रसिद्ध रेवड़ी, गजक और नानखटाई की मिठास अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहुंच गई है। ट्रेड शो में पहली बार 'एक जनपद एक उत्पाद' (ओडीओपी) के तहत विशेष फूड कोर्ट बनाया गया है, जहां मेरठ के स्टाल पर पहुंचे देशी-विदेशी मेहमानों ने रेवड़ी, गजक और नानखटाई का स्वाद चखा। पहली बार इस पारंपरिक स्वाद से रूबरू हुए विदेशी मेहमानों ने उत्पादों और उनकी पैकेजिंग के बारे में गहरी रुचि दिखाई और इसकी जमकर तारीफ की।
ओडीओपी के तहत चयनित उद्यमियों को मिला बड़ा मंच
इस ट्रेड शो में मेरठ से ओडीओपी के तहत तीन प्रमुख फर्मों (एमएच स्वीट सेंटर के हाशिम, स्वीट शॉप के सद्दाम और रेवड़ी-गजक उत्पादक यामीन) का चयन हुआ है। उपायुक्त उद्योग अमरेश पांडे ने बताया कि इन चयनित उद्यमियों को ट्रेड शो में नि:शुल्क स्टाल उपलब्ध कराया गया है, जहां वे अपने उत्पादों का प्रदर्शन करने के साथ ही देश-विदेश से आए खरीदारों से सीधे कारोबारी संपर्क भी बना रहे हैं। विक्रेताओं के मुताबिक, इस बड़े मंच से मेरठ के पारंपरिक खाद्य उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान मिलने की पूरी उम्मीद है।
यह भी पढ़ें: युवाओं के हुनर और कौशल विकास पर जोर, मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने किया पोर्टल का शुभारंभ