मैहर में देर रात भीषण सड़क हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से अधेड़ की मौत
मैहर {मध्य प्रदेश}: मैहर जिले के अमरपाटन थाना अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-30 (NH-30) पर नादन टोला ओवरब्रिज के पास मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में पैदल जा रहे एक अधेड़ व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी और उसे रौंदते हुए मौके से फरार हो गया।
हादसे में मौके पर ही मौत
हादसा इतना भयावह था कि टक्कर लगते ही अधेड़ व्यक्ति ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अज्ञात वाहन की रफ्तार काफी तेज थी। व्यक्ति को संभलने तक का मौका नहीं मिला और वाहन उसे रौंदते हुए आगे निकल गया।
पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा
घटना की जानकारी मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग टीम, डायल 100 और अमरपाटन थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और शव को अपने कब्जे में लिया। हाईवे एंबुलेंस की मदद से शव को सिविल अस्पताल अमरपाटन पहुंचाया गया, जहां उसका पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
आरोपी चालक वाहन समेत फरार
हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक अपने वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। वाहन और चालक की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस अन्य माध्यमों से भी सुराग जुटाने में लगी है।
मृतक की पहचान नहीं हो सकी
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी शिनाख्त के प्रयास कर रही है। इसके लिए सोशल मीडिया और अन्य संचार माध्यमों की भी मदद ली जा रही है। अमरपाटन पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास हादसे या अज्ञात वाहन से जुड़ी कोई जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।
यह भी पढ़े: मौत के मुहाने से लौटा परिवार का चिराग! उफनते नाले में बहा युवक, ग्रामीणों ने ऐसे बचाई जान