कलेक्टर डॉ. संतोष देवांगन के निर्देश पर जिला खनिज

खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध उत्खनन व परिवहन में 3 जेसीबी और 3 ट्रैक्टर जब्त

Gaurela Pendra Marwahi

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही {छत्तीसगढ़}: कलेक्टर डॉ. संतोष देवांगन के निर्देश पर जिला खनिज उड़नदस्ता दल ने अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 जेसीबी मशीन और 3 ट्रैक्टर जब्त किए हैं। वाहन मालिकों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

अवैध उत्खनन और परिवहन पर कार्रवाई

खनिज विभाग के अनुसार देवराजपारा-साधवानी और बंधी-बचरवार क्षेत्र में मुरूम और मिट्टी का अवैध उत्खनन किया जा रहा था। वहीं शिल्पाहरी क्षेत्र में रेत का अवैध परिवहन करते हुए तीन ट्रैक्टरों को पकड़ा गया।

पुलिस लाइन में खड़े कराए गए जब्त वाहन

कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए सभी जेसीबी और ट्रैक्टरों को सुरक्षित रूप से पुलिस लाइन अमरपुर में खड़ा कराया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

ग्रामीणों की शिकायत पर हुई कार्रवाई

बताया गया कि साधवानी के ग्रामीणों ने सीएम हेल्पलाइन 1076 और कलेक्टर के समक्ष अवैध उत्खनन की शिकायत की थी। शिकायत मिलने के बाद कलेक्टर के निर्देश पर खनिज विभाग ने जांच कर त्वरित कार्रवाई की।

वाहन मालिकों पर होगी कानूनी कार्रवाई

वाहन मालिकों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21(1), 21(5) एवं 23(क) के तहत कार्रवाई की जा रही है। निर्धारित अर्थदंड और समझौता राशि जमा करने के बाद ही जब्त वाहनों को छोड़ा जाएगा।

कलेक्टर ने दी सख्त चेतावनी

कलेक्टर डॉ. संतोष देवांगन ने स्पष्ट किया है कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस कार्रवाई में सहायक खनिज अधिकारी आदित्य मानकर, खनिज निरीक्षक सुजीत कंवर, खनिज सिपाही शिवकुमार लहरे और नगर सैनिक सतीश साहू भी शामिल रहे।

यह भी पढ़े: खुशबू सुंदर की बेटी की शादी में सजी सितारों की महफिल, तृषा समेत कई बड़े कलाकार पहुंचे