औरंगाबाद में बिहार सरकार के मंत्री भगवान सिंह कुशव

बिहार के खजाने को लेकर मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा का दावा, 2028 तक सरप्लस होने की कही बात

'2028 तक बिहार का खजाना होगा सरप्लस'

औरंगाबाद: शहर के सर्किट हाउस में रविवार को बिहार सरकार के मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा ने प्रेसवार्ता कर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और कई सवालों का बेलाग जवाब दिया। मीडिया से बात करते हुए मंत्री ने विपक्ष के खजाना खाली होने के आरोप को सिरे से खारिज किया। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार विकास को लेकर पूरी तरह सचेत है। बीच में कुछ योजनाओं में राशि ज्यादा खर्च होने से थोड़ा असर पड़ा था, लेकिन उपमुख्यमंत्री सह वित्त मंत्री सम्राट चौधरी ने स्थिति को संभाल लिया है। 

2028 तक बिहार का खजाना होगा सरप्लस

2028 तक बिहार का खजाना सरप्लस हो जाएगा। सारी योजनाएं पूरी होने के बाद भी पैसा बचेगा। किसी भी योजना में पैसे के अभाव में काम नहीं रुका है और न ही किसी कर्मचारी का वेतन बकाया है। मगध और औरंगाबाद के विकास के सवाल पर उन्होंने कहा कि जिले में विकास कार्य लगातार चल रहे हैं। बरसात के कारण मिट्टी से जुड़े कार्यों में रुकावट है, बरसात खत्म होते ही कामों में तेजी आएगी। मुकेश सहनी को उपमुख्यमंत्री बनाने की मांग से जुड़े सवाल पर मंत्री कुशवाहा ने कहा कि मांग के विरोध में कोई नहीं है, लेकिन सवाल यह है कि किसे हटाया जाए। सम्राट चौधरी को हटाने का कोई सवाल ही नहीं उठता। 

किसी जाति को अपराध से जोड़ना गलत

वहीं, बढ़ते अपराध के सवाल पर उन्होंने कहा कि कई बार घटनाएं सोशल मीडिया पर बढ़ा-चढ़ा कर वायरल कर दी जाती हैं। बिना घटना के भी वायरल किया जाता है। अपने यादव समाज वाले बयान पर सफाई देते हुए मंत्री ने कहा कि उन्होंने कभी यह नहीं कहा कि यादव अपराधी हैं। मुंगेर और समस्तीपुर की घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा था कि घटना कुछ लुच्चे-लफंगे करते हैं और बदनामी पूरी जाति की होती है। कोई भी जाति अपराधी नहीं होती, अपराधी को जाति के चश्मे से नहीं देखना चाहिए। 

ये भी पढे़ं- उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण की जद में CM मोहन यादव का पैतृक मकान, अपने मकान पर खुद चलाया हथौड़ा