कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में पढ़ने वाली छा

औरंगाबाद में शादी का झांसा देकर नाबालिग छात्रा का यौन शोषण

पीड़िता छात्रा

औरंगाबाद (बिहार)। जिले के एक कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा के साथ यौन शोषण का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि विद्यालय के कंप्यूटर शिक्षक ने छात्रा का यौन शोषण किया और गर्भवती होने के बाद उसे छोड़ दिया। घटना सामने आने के बाद शिक्षा विभाग और बाल संरक्षण से जुड़े महकमे में हड़कंप मचा है।

शादी का झांसा देकर यौन शोषण

पीड़िता और उसके परिजनों द्वारा जम्होर थाने में दी गई शिकायत के अनुसार आरोपी शिक्षक ने करीब एक महीने पहले स्कूल के दस्तावेजों से छात्रा का मोबाइल नंबर निकाला और संपर्क करना शुरू किया। आरोप है कि उसने छात्रा को बहला-फुसलाकर और शादी का झांसा देकर यौन शोषण किया। परिजनों का कहना है कि जब छात्रा गर्भवती हुई तो शिक्षक ने उससे दूरी बना ली और पल्ला झाड़ लिया।

जम्होर थाना में प्राथमिकी दर्ज

छात्रा ने जब इसकी जानकारी परिजनों को दी तो परिवार सन्न रह गया। इसके बाद परिजन बेटी को लेकर जम्होर थाना पहुंचे और प्राथमिकी दर्ज कराकर न्याय की मांग की। आवेदन में कहा गया है कि आरोपी शिक्षक छात्रा को ब्लैकमेल भी करता था और शिकायत करने पर उसके माता-पिता को नुकसान पहुंचाने की धमकी देता था। डर के कारण छात्रा ने हॉस्टल छोड़ दिया था और बाहर रहकर पढ़ाई करने को मजबूर हो गई थी।

जम्होर थाने की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की

शिकायत मिलते ही जम्होर थाने की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने पीड़िता को सदर अस्पताल में ले जाकर मेडिकल जांच कराई और न्यायालय में दंडाधिकारी के समक्ष धारा 164 के तहत उसका बयान दर्ज कराया। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और कोर्ट में दर्ज बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। मामले में पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पीड़िता के माता-पिता न्याय की आस में दर-दर भटक रहे

इधर, घटना के बाद पीड़िता के माता-पिता न्याय की आस में दर-दर भटक रहे हैं। परिजनों ने जिला प्रशासन से आरोपी शिक्षक की जल्द गिरफ्तारी और बर्खास्तगी की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटना से छात्रावास में पढ़ने वाली अन्य छात्राओं की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला संवेदनशील है और सभी बिंदुओं पर गहन जांच की जा रही है। आरोपी शिक्षक की तलाश की जा रही है। 

यह भी पढ़ेंः मिडटर्म चुनाव में हार के बाद ट्रंप का बड़ा कदम? पीट हेगसेथ को पद से हटाने पर सलाहकारों से मांगी राय