सहारनपुर: थाना कोतवाली देहात पुलिस ने नाबालिग से द

सहारनपुर में नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, कई दिनों से था फरार

Minor rape accused arrested after being absconding for days

सहारनपुर {उत्तर प्रदेश}: थाना कोतवाली देहात पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान की गई।

28 जून को दर्ज हुआ था मुकदमा

पुलिस ने आरोपी को सुल्तानपुर कट के पास से गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, 28 जून को पीड़िता के पिता की तहरीर पर ग्राम सुल्तानपुर निवासी रजत पुत्र राजू के खिलाफ थाना कोतवाली देहात में मुकदमा संख्या 308/2026 दर्ज किया गया था। आरोप है कि रजत ने वादी की नाबालिग पुत्री के साथ दुष्कर्म किया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।

मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी

पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर द्वितीय के निकट पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक हृदय नारायण सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार को आरोपी को सुल्तानपुर कट के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की गई और उसके विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी की जा रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपी को समय से माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।

इन पुलिसकर्मियों ने निभाई अहम भूमिका

गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक यमुना प्रसाद, हेड कांस्टेबल सचिन कुमार तथा कांस्टेबल विपिन कुमार शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

यह भी पढ़े: मछली पकड़ने गया युवक नदी में डूबा, सुबह शव मिलने से गांव में सनसनी