हैदराबाद के मधुरानगर में नाबालिग चालक की कार ने दो

हैदराबाद में नाबालिग ने कार से मचाई तबाही, कई वाहनों को मारी टक्कर, एक की मौत

Representative Image (File Photo)

हैदराबाद (तेलंगाना)। हैदराबाद के मधुरानगर थाना क्षेत्र में एक 17 वर्षीय लड़के द्वारा कथित तौर पर चलाई जा रही कार ने एक दोपहिया वाहन और सात अन्य वाहनों को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में एक 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने रविवार को इसकी जानकारी दी।

एक व्यक्ति की मौत, दूसरा घायल

मधुरानगर पुलिस के मुताबिक, यह हादसा सुबह करीब 11 बजे हुआ। कार को कथित तौर पर एक नाबालिग चला रहा था और उसके साथ एक और व्यक्ति भी था। कार ने पहले एक दोपहिया को टक्कर मारी और फिर सात अन्य गाड़ियों से टकरा गई। टक्कर में दोपहिया पर सवार दोनों लोगों को गंभीर चोटें आईं। उनमें से एक की मौत हो गई, जबकि दूसरे का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

नाबालिग हिरासत में, जांच जारी

पुलिस ने बताया कि इस घटना में सात अन्य गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं। दुर्घटना का पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया। पुलिस ने बताया कि नाबालिग को हिरासत में ले लिया गया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। ​(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: शिक्षक की डांट से आहत इंटर छात्र ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में लगाए आरोप