मिर्ज़ापुर सदर से बीजेपी विधायक पंडित रत्नाकर मिश्

महिलाओं की शिकायत सुन भड़के बीजेपी विधायक, विभाग में फोन कर दी चेतावनी, 'जे गारी देई, ऊ लात खाई...'

पंडित रत्नाकर मिश्र, विधायक, मिर्जापुर सदर

मिर्ज़ापुर : यूपी के मिर्ज़ापुर की नगर विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक पंडित रत्नाकर मिश्र सुर्खियों में हैं। अक्सर वह अपनी बदजुबानी को लेकर सुर्खियों में आ जाते हैं। अब यह महज इत्तेफाक होता है या जानबूझ कर, यह तो नहीं कहा जा सकता। लेकिन, ताजा मामला दो दिन पहले का बताया जा रहा है।

विभाग में फोन कर कर्मियों को दी चेतावनी

आपको बता दें कि बीजेपी विधायक पंडित रत्नाकर मिश्र अपने नगर विधानसभा क्षेत्र के 33/11 केवी सब स्टेशन विजयपुर से गैपुरा के नवनिर्मित फीडर का शुभारंभ करने पहुंचे हुए थे। यहां महिलाओं ने जलनिकासी के लिए नाली सहित कई समस्याओं को उनके सामने रखा। महिलाओं ने बताया कि संबंधित विभाग के लोग शिकायत करने पर गाली देते हैं। बस फिर क्या था, इतना सुनते ही विधायक का पारा गर्म हो गया। उन्होंने ग्रामीण महिलाओं को आश्वस्त किया कि, 'जे गारी देई, ऊ लात खाई..!' इसके बाद बीजेपी विधायक ने संबंधित विभाग के लोगों को फोन करके मौके से न केवल फटकार लगाई, बल्कि समस्या के शीघ्र समाधान की चेतावनी दी।

पहले भी वायरल हो चुका है विधायक का वीडियो

बताते चले कि पंडित रत्नाकर मिश्र यूपी के मिर्ज़ापुर सदर सीट से दूसरी बार बीजेपी से विधायक निर्वाचित हुए हैं। वे विंध्याचल के तीर्थ पुरोहित भी हैं। अपने बोल को लेकर चर्चित बीजेपी विधायक का वीडियो इसके पूर्व कोन विकास खंड क्षेत्र में जल निगम के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए और आंधी-तूफान के दौरान विंध्याचल के समीप गंगा नदी में पीपा पुल के क्षतिग्रस्त हो जाने पर वायरल हो चुका है।

ग्रामीणों से डांट-डपट करने वाले कर्मी नहीं बख्शे जाएंगे

हालांकि, इस संदर्भ में बीजेपी विधायक पंडित रत्नाकर मिश्र स्पष्ट शब्दों में कहते हैं कि हमारे विधानसभा क्षेत्र की देवतुल्य जनता को किसी भी प्रकार की कठिनाई हो यह बर्दाश्त नहीं होगा। वह भी समस्या का समाधान न कर ग्रामीणों को गाली देकर उन्हें डांट-डपट करने वालों को मैं बख्शने वाला नहीं हूं।