नींद में मौत बनकर आया ट्रक, एक ही परिवार के तीन लोगों की ले ली जान
मिर्जापुर: उत्तर प्रदेश के मिर्ज़ापुर में एक दर्दनाक दुर्घटना में एक साथ तीन लोगों की मौत हो जाने से गांव में कोहराम मच गया है। सभी लोग आक्रोशित हैं। घर के बाहर सो रहे 3 लोगों की ट्रक से कुचलकर हुई दर्दनाक मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दी। गुरुवार को सुबह 03 बजे के करीब हादसा होना बताया जा रहा है। अहरौरा थाना क्षेत्र के वाराणसी शक्तिनगर राष्ट्रीय राजमार्ग के कुदारन गांव की घटना बताई जा रही है।
अनियंत्रित होकर घर में घुसा ट्रक
जानकारी के मुताबिक गुरुवार 16 जुलाई 2026 को सुबह करीब 3 बजे थाना अहरौरा क्षेत्रान्तर्गत ग्राम कुदारन चौराहे के पास वाराणसी से सोनभद्र जा रहे ट्रक का टायर फटने के कारण ट्रक अनिंयत्रित होकर घर में घुस जाने से मौके पर सो रहे चार-पांच लोगों के दब जाने की सूचना पर थाना अहरौरा पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर पहुंच कर त्वरित राहत बचाव कार्य प्रारम्भ किया गया।
ये लोग हुए घटना का शिकार
मौके से रेस्क्यू कर घायलों में सुहानी पुत्री चंद्रशेखर, निवासिनी मुजेहरा थाना कोतवाली देहात (12 वर्ष) एवं सुनील शर्मा पुत्र रामसुभग निवासी कुदारन थाना अहरौरा (45 वर्ष) को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चचेरी मोड़ चुनार भिजवाया गया, जहां से चिकित्सकों द्वारा बेहतर इलाज के लिए उन्हें ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया है। मृतकों में राजाराम पुत्र स्वर्गीय श्रीराम (47 वर्ष), सुखिया पत्नी स्वर्गीय श्रीराम (70 वर्ष) चांदतारा पत्नी सीताराम (45 वर्ष) समस्त निवासीगण कुदारन थाना अहरौरा, मीरजापुर के शव को कब्जे में लेकर नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्यवाही करते पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया गया है।
पुलिस ने हादसे की जानकारी देते हुए बताया...
पुलिस के मुताबिक, चालक को नींद आने से अनियंत्रित हुआ ट्रक सड़क किनारे सीधे घर में घुस गया। परिणामस्वरुप गहरी नींद में सो रहे लोगों के ऊपर ट्रक चढ़ गया। हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई जबकि 2 गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को ईलाज के लिए अस्पताल भिजवाया, जबकि मृतकों के शव को कब्ज़े में लेजर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
परिजनों ने पुलिस पर लगाया आरोप
घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने चक्का जाम कर दिया। पुलिस पर बिन बताए शवों को हटाने का आरोप लगाते हुए परिजनों ने करीब 2 घंटे से चक्का जाम किया हुआ है। मौके पर आसपास के थानों की पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे सीओ भी आक्रोशित लोगों को समझाने में जुटे हुए हैं। बताया जा रहा है कि इस दौरान आक्रोशित लोगों की पुलिस से झड़प भी हो गई।
ये भी पढ़ें- लखीसराय जिले के इन चार कॉलेजों में शुरू हुई पढ़ाई, उच्च शिक्षा का दायरा होगा विस्तृत