वाराणसी में शुक्रवार देर शाम बदमाशों ने पुलिस टीम

वाराणसी में बदमाशों ने सिपाही को मारी गोली, मुठभेड़ में तीन आरोपी घायल

police team

वाराणसी (उत्तर प्रदेश)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में शुक्रवार देर शाम बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इस दौरान लंका थाने में तैनात कांस्टेबल अमित शुक्ला गोली लगने से घायल हो गए। उनके हाथ में एक और कमर के ऊपर दो गोलियां लगी हैं। उन्हें ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है। वहीं, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। तीनों के पैर में गोली लगी है।

असलहा खरीद-बिक्री की सूचना पर पहुंची थी पुलिस

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार शाम पुलिस को सूचना मिली कि कुछ बदमाश असलहों की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। इसके बाद लंका थाने के चार कांस्टेबल मौके पर पहुंचे। इसी दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसमें अमित शुक्ला घायल हो गए। पुलिस ने भाग रहे आरोपियों का पीछा किया। लोहता में राज विश्वकर्मा के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके दो साथी मौके से फरार हो गए थे।

असलहा बरामदगी के दौरान पुलिस पर फायरिंग

डीसीपी काशी गौरव बंसवाल के मुताबिक, मामले में अंजनी झा और राजू तिवारी को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस टीम दोनों को असलहा बरामद करने के लिए मौके पर ले गई थी। इसी दौरान आरोपियों ने छिपाकर रखे गए हथियार से पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल कांस्टेबल अमित शुक्ला मूल रूप से प्रयागराज के रहने वाले हैं और पिछले तीन वर्षों से लंका थाने में तैनात हैं। पुलिस के अनुसार, उन्होंने एटीएस की ट्रेनिंग भी ली है।

अजय राय ने सरकार पर साधा निशाना

घटना के बाद उत्तर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अजय राय ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। उनका कहना था कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह लखनऊ में कानून व्यवस्था को बेहतर बता रहे थे, उसी दौरान प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र में बदमाशों ने पुलिसकर्मी को गोली मार दी। अजय राय ने इसे सरकार के अपराध नियंत्रण संबंधी दावों पर तमाचा बताते हुए घायल सिपाही के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

यह भी पढ़ेंः 'भाजपा जब सत्ता से बाहर होगी, तो किसी को बख्शा नहीं जाएगा': अभिषेक बनर्जी