मुंगेर में लापता 13 वर्षीय किशोर का तालाब में मिला शव
मुंगेर (बिहार)। ईस्ट कॉलोनी थाना क्षेत्र में शनिवार की शाम से लापता 13 वर्षीय किशोर की तलाश रविवार को उस समय गम में बदल गई, जब बरियाकोल सुरंग के समीप रामनगर थाना क्षेत्र में पहाड़ी की तराई स्थित छोटे तालाब में उसका शव मिला।
शनिवार की शाम से लापता था किशोर
किशोर ईस्ट कॉलोनी थाना क्षेत्र के बड़ी आशिकपुर का रहने वाला था। बताया जाता है कि किशोर शनिवार की शाम से लापता था। स्वजन उसकी काफी खोजबीन कर रहे थे। रविवार को खोजबीन के दौरान पहाड़ी की तराई स्थित तालाब में उसका शव मिला। बताया जा रहा है कि नहाने के दौरान गहरे पानी में चले जाने से वह डूब गया।
शव मिलने के बाद घर में मातम पसरा
शव मिलने की खबर से स्वजनों में चीख-पुकार मच गई। जिस बच्चे की तलाश में परिवार पूरी रात परेशान रहा, उसका शव मिलने के बाद घर में मातम पसर गया। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद आसपास के इलाके में भी शोक का माहौल है।
तालाब से किशोर का शव बरामद
थानाध्यक्ष वीरभद्र कुमार सिंह ने बताया, कि तालाब से किशोर का शव बरामद किया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार नहाने के दौरान डूबने से उसकी मौत हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ेंः झालरापाटन में भीषण सड़क हादसा, खाई में गिरा चूने से भरा ट्रेलर; दो की मौत