बिहार के बांका में कांग्रेस ने एक नवंबर को दिल्ली

'वोट बचाओ, देश बचाओ' रैली की तैयारी तेज, बांका पहुंचे विधायक जयमंगल सिंह

'वोट बचाओ, देश बचाओ' रैली की तैयारी तेज

बांका: जिले में वोट के अधिकार और लोकतंत्र की रक्षा को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ हुंकार भर दी है। एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली 'वोट बचाओ, देश बचाओ' रैली को सफल बनाने के लिए पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में झारखंड के बेरमो विधायक जयमंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह अमरपुर के पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी जितेंद्र सिंह के आवास पहुंचे। यहां उन्होंने बांका जिले के पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर के कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रैली की रणनीति बनाई।

जयमंगल सिंह ने मतदाता सूची में नाम कटने का लगाया आरोप

बैठक के बाद प्रेस वार्ता में विधायक जयमंगल सिंह ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि चुनावों में मतदाता सूची से बड़े पैमाने पर लोगों के नाम हटाकर सत्ता हासिल करने का खेल हुआ है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बताते हुए कहा कि वोट के अधिकार की लड़ाई अब केवल कांग्रेस की नहीं, बल्कि देश के हर नागरिक की लड़ाई बन चुकी है। उन्होंने राहुल गांधी के आह्वान पर आयोजित इस रैली में अधिक से अधिक संख्या में दिल्ली पहुंचने की अपील की। साथ ही कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर लोकतंत्र की रक्षा के लिए आवाज बुलंद करने का आह्वान किया। मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद सिंह समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। 

ये भी पढ़ें- दिल्ली: मंगोलपुरी में जूता फैक्ट्री में भीषण आग; चार लोगों की मौत, दो घायल