मोहम्मद अजहरुद्दीन पहुंचे मुरादाबाद, की ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग
मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश)। तेलंगाना सरकार के कैबिनेट मंत्री और पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद अजहरुद्दीन शनिवार को मुरादाबाद पहुंचे। यहां दिल्ली रोड स्थित सर्किट हाउस पहुंचने पर कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से वार्ता करते हुए अपने राजनीतिक सफर और देश के मौजूदा राजनीतिक हालातों पर खुलकर बात की।
उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका मुरादाबाद से बहुत पुराना नाता है और उनका राजनीतिक करियर इसी शहर से शुरू हुआ था, इसलिए वे इस शहर को कभी नहीं भूल सकते। मुरादाबाद की जनता का शुक्रिया अदा करते हुए उन्होंने कहा कि यहां के लोगों से उन्हें हमेशा बहुत इज्जत और मोहब्बत मिली है।
मुरादाबाद से पुराना और गहरा नाता
अजहरुद्दीन ने दिल्ली के रामलीला ग्राउंड में एक नवंबर को होने वाली कांग्रेस की रैली को ऐतिहासिक बताया और कहा कि इस रैली में धर्म या मजहब की बात नहीं, बल्कि देश के नागरिकों के अधिकारों की बात होगी तथा वोट चोरी को लेकर आवाज उठाई जाएगी। उन्होंने मांग की कि वोट चोरी की जिम्मेदारी लेते हुए ज्ञानेश कुमार को अपना इस्तीफा दे देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि वोट चोरी करके सरकार बनाना एक बहुत बड़ी हिमाकत और बड़ी भूल है। उन्होंने देश में हो रहे एसआईआर को फ्रॉड करार देते हुए आरोप लगाया कि बिहार और महाराष्ट्र में बड़ी वोट चोरी हुई है और पूरे देश में लगभग तेरह करोड़ वोट काटे गए हैं।
ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग
उन्होंने चेतावनी दी कि कांग्रेस इस तरह की रैलियां तब तक करती रहेगी जब तक ज्ञानेश कुमार अपना इस्तीफा नहीं सौंप देते और एसआईआर रद्द नहीं हो जाता। कल दिल्ली में होने वाली रैली को लेकर उन्होंने बताया कि कांग्रेस के सभी बड़े नेता और बड़ी संख्या में आम जनता दिल्ली के रामलीला ग्राउंड में पहुंचेगी और वहां से वोट चोरी के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करेगी। इसके अलावा उन्होंने देश की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को याद करते हुए कहा कि आज का दिन बहुत दुखद है क्योंकि इसी दिन उनकी हत्या की गई थी।
क्रिकेट और खिलाड़ियों पर बेबाक राय
क्रिकेट से जुड़े सवालों के जवाब देते हुए उन्होंने भारतीय तेज गेंदबाजों जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी की तारीफ की। उन्होंने कहा कि दोनों भारतीय क्रिकेट टीम के बेहतरीन बॉलर हैं और देश को इनकी जरूरत है। उन्होंने आगे कहा कि उनका मानना है कि अगर इन बॉलर्स को कोई इंजरी नहीं है तो इनको देश के लिए खेलने के मौके मिलने चाहिए।
यह भी पढ़ें: CEC ज्ञानेश कुमार पीएम मोदी और अमित शाह के इशारे पर चला रहे चुनाव आयोग: खड़गे का बड़ा आरोप