मुरैना में कोचिंग सेंटर्स पर जांच के दौरान सामने आईं अनियमितताएं
पोरसा: मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में संचालित कोचिंग संस्थानों की व्यवस्था सुधारने के उद्देश्य से जिलाधीश एवं एसडीएम के निर्देश पर प्रशासनिक टीम ने पोरसा शहर की एक दर्जन से अधिक कोचिंग संस्थाओं का सघन निरीक्षण किया। जांच के दौरान अधिकांश संस्थानों में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। फिलहाल संचालकों को सख्त चेतावनी और नोटिस देकर छोड़ा गया है, लेकिन अगली जांच में नियमों का उल्लंघन मिलने पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
कई संस्थानों में वेंटिलेशन की समुचित व्यवस्था भी नहीं
निरीक्षण दल में नायब तहसीलदार श्याम सुंदर सराहिया, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी नरेंद्र सिंह तोमर और बीआरसी शैलेंद्र सिंह तोमर शामिल रहे। टीम ने कोचिंग संस्थानों में विद्यार्थियों की सुरक्षा, बैठने की व्यवस्था, पंजीयन एवं संचालन संबंधी नियमों का निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि कई कोचिंगों में कक्ष की क्षमता से लगभग तीन गुना अधिक छात्र बैठे हुए थे, जिससे अव्यवस्था और घुटन जैसी स्थिति बनी हुई थी। कई स्थानों पर बच्चों के बैठने के लिए पर्याप्त जगह नहीं थी। स्टूडेंट्स पैरों पर कॉपी रखकर लिखकर रहे थे। कई संस्थानों में वेंटिलेशन की समुचित व्यवस्था भी नहीं थी।
निरीक्षण के बाद लापरवाही पाए जाने वाले कोचिंग संचालकों को जारी किए गए नोटिस
निरीक्षण के दौरान कुछ कोचिंग संस्थान स्कूल समय सुबह 10 बजे के बाद भी संचालित पाए गए, जबकि कई संस्थानों का पंजीयन भी नहीं मिला। प्रशासनिक टीम ने ऐसे सभी संस्थानों को तत्काल बंद कराते हुए संचालकों को नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद लापरवाही पाए जाने वाले कोचिंग संचालकों को नोटिस जारी किए गए।
सभी कोचिंग संचालकों को निर्धारित मानकों का पालन करना होगा अनिवार्य
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह अंतिम चेतावनी है। अगर अगले निरीक्षण में दोबारा अनियमितताएं मिलीं तो प्रस्ताव तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजा जाएगा। इसके साथ ही संबंधित संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार, कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। सभी कोचिंग संचालकों को निर्धारित मानकों का पालन करना अनिवार्य होगा।
ये भी पढ़ें- कुडनकुलम डेटा लीक विवाद पर NPCIL का बयान, न्यूक्लियर सेफ्टी सिस्टम सुरक्षित