बंदूक की नोक पर डकैती करने वाला इनामी आरोपी गिरफ्तार, हथियार समेत ₹7.60 लाख का माल बरामद
मुरैना (मध्यप्रदेश)। अंबाह थाना पुलिस ने करीब 8 माह से फरार चल रहे एक इनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के अलग-अलग थानों में कई आपराधिक प्रकरण दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 18 जनवरी 2026 की रात करीब 1:45 बजे अंबाह थाना क्षेत्र में एक घर में घुसकर बंदूक की नोक पर डकैती की वारदात की गई थी। घटना के संबंध में फरियादी द्वारा अंबाह थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, जिस पर मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
बंदूक की नोक पर घर में घुसकर डकैती की थी वारदात
गंभीर अपराधों में फरार और वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक मुरैना धर्मराज मीना द्वारा जिले में अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत एसडीओपी अंबाह के मार्गदर्शन में अंबाह पुलिस ने करीब 8 माह से फरार चल रहे आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस को मुखबिर से आरोपी के संबंध में सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए फरार इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे और निशानदेही से करीब 7 लाख 60 हजार रुपये कीमत का मशरूका बरामद किया गया। इसमें करीब 6 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, करीब 1 लाख 30 हजार रुपये कीमत की मोटरसाइकिल, एक अवैध 315 बोर का देशी कट्टा, तीन जिंदा राउंड और दो मोबाइल फोन शामिल हैं।
गंभीर अपराधों के मामले, लंबा आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ धौलपुर जिले के मनियां, फिरोजाबाद के टूंडला, मुरैना के बामौर, आगरा के निबोहरा, शमशाबाद और फतेहाबाद, ललितपुर कोतवाली व तालबेहट, झांसी के बबीना, ललितपुर के वनपुर और मध्यप्रदेश के अन्य थानों में हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल कुछ अन्य आरोपी पूर्व में गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास जारी हैं। इस कार्रवाई में तत्कालीन एसडीओपी अंबाह रवि सिंह भदौरिया, थाना प्रभारी अंबाह निरीक्षक वीरेश सिंह कुशवाह सहित पुलिस टीम के अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। (Published By: Ravi Pandey)
यह भी पढ़ें: अमेठी में 15 वर्षीय किशोरी लापता, युवक समेत पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज