मुरैना में अवैध रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, पुलिस को देख चालक फरार
मुरैना (मध्य प्रदेश)। जिले में रेत एवं पत्थर के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ कार्रवाई के निर्देशों के बाद पुलिस ने सरायछौला क्षेत्र में अवैध रेत से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की है। पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर गड़ौरा घाट की ओर आने वाले रास्ते पर चेकिंग लगाई थी। इसी दौरान रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने का प्रयास किया गया।
पुलिस को देखते ही बीहड़ों की ओर ट्रैक्टर छोड़कर भागा चालक
पुलिस को देखते ही ट्रैक्टर चालक वाहन को गड़ौरा के बीहड़ों की ओर जाने वाले रास्ते में छोड़कर मौके से फरार हो गया। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर ट्रैक्टर-ट्रॉली की जांच की तो उसमें अवैध रेत भरी हुई मिली। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया। जब्त वाहन की अनुमानित कीमत करीब सात लाख रुपये बताई गई है।
फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस, वन विभाग को दी सूचना
पुलिस के अनुसार मामले में अज्ञात आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। साथ ही जब्त वाहन के संबंध में आवश्यक कार्रवाई के लिए वन विभाग को भी सूचना दी गई है। पुलिस अब फरार चालक की पहचान और उसकी तलाश में जुटी है। कार्रवाई के दौरान सरायछौला थाना पुलिस, सिविल लाइन थाना पुलिस और पुलिस लाइन के बल की संयुक्त भूमिका रही। पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 303(2) और 317(5) के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
यह भी पढ़े: उमरिया में घर का ताला तोड़कर चोरी, सोने-चांदी के जेवर और नकदी समेत 90 हजार का माल पार