मिर्जापुर में पारिवारिक विवाद के बीच महिला ने बच्चों संग खाया जहर, मां-बेटी की मौत
मिर्जापुर,(उत्तर प्रदेश)। जिले के मड़िहान थाना क्षेत्र के परसौना गांव में पारिवारिक विवाद के चलते एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक महिला ने अपने तीन बच्चों को कथित रूप से जहर खिलाने के बाद स्वयं भी जहर खा लिया। इस घटना में महिला और उसकी एक बेटी की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य बेटियों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
जहर खाने के कारण अस्पताल में भर्ती
पुलिस के अनुसार, सोमवार 13 जुलाई 2026 को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) मड़िहान से सूचना मिली कि परसौना गांव निवासी 38 वर्षीय कुसुम, पत्नी धर्मेंद्र धरीकार, अपनी तीन बेटियों 12 वर्षीय मधु, 10 वर्षीय राधिका और 8 वर्षीय सत्या के साथ जहर खाने के कारण अस्पताल में भर्ती हैं। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक मड़िहान पुलिस टीम के साथ पीएचसी पहुंचे और चारों को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। वहां इलाज के दौरान कुसुम और उसकी 10 वर्षीय बेटी राधिका की मौत हो गई, जबकि मधु और सत्या का उपचार जारी है।
घटना से चार दिन पहले ही घर आया था पति
प्रारंभिक जांच में पता चला कि कुसुम का पति धर्मेंद्र धरीकार दिल्ली के शिकोहाबाद क्षेत्र में रहता है और घटना से चार दिन पहले ही घर आया था। कुसुम को संदेह था, कि उसके पति ने दूसरी शादी कर ली है, जिसके चलते वह उसकी देखभाल नहीं कर रहा था। इसी विवाद को लेकर 12 जुलाई 2026 को कुसुम के मायके शीतलगढ़ (थाना संतनगर, मीरजापुर) में दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ था। समझौते के अनुसार, धर्मेंद्र को 13 जुलाई को कुसुम को अपने साथ ससुराल ले जाना था।
बच्चों को जहर खिलाने के बाद स्वयं भी खाया जहर
पुलिस के अनुसार, समझौते के बाद धर्मेंद्र घर से बाहर चला गया और कुसुम को साथ नहीं ले गया। इससे आहत होकर कुसुम कथित रूप से अपने ससुराल परसौना पहुंची, जहां उसने अपने तीनों बच्चों को जहर खिलाने के बाद स्वयं भी जहर खा लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ेंः अपारशक्ति खुराना ने रिलीज किया नया गाना 'मनमोहनीय', रोमांस से भरी है कहानी