बहराइच के नानपारा-रुपईडीहा मार्ग पर तेज रफ्तार अज्

बहराइच में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक की टक्कर से मां-बेटी की मौत, पति गंभीर घायल

Mother and Daughter Killed, Husband Critically Injured in Bahraich Road Accident

बहराइच (उत्तर प्रदेश)। नानपारा-रुपईडीहा मार्ग पर सोमवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में मां और बेटी की मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा टोल प्लाजा और श्रावस्ती किसान सहकारी चीनी मिल के पास हुआ।

बाबा जंगली नाथ मंदिर से घर लौट रहे थे मृतक 

जानकारी के अनुसार, नानपारा के चौक बाजार निवासी भोला सरकार (45) अपनी पत्नी सुमित्रा (40) और बेटी गहना (17) के साथ मटेरा स्थित बाबा जंगली नाथ मंदिर में जलाभिषेक कर बाइक से घर लौट रहे थे। सुबह करीब पांच बजे टोल प्लाजा के पास पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

पत्नी की मौके पर ही मौत

टक्कर इतनी भीषण थी, कि तीनों सड़क पर गिर पड़े। सुमित्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल बेटी गहना ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। हादसे में घायल भोला सरकार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नानपारा में भर्ती कराया गया।

अज्ञात ट्रक और उसके चालक की तलाश शुरू

सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने अज्ञात ट्रक और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पीछे से टक्कर मारने की बात सामने आई है तथा सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। 

यह भी पढ़ें: लोधेश्वर महादेव मंदिर, महाभारत काल से जुड़ा आस्था का प्राचीन शिवधाम