पति की मौत के सदमे में मां-बेटे ने खाया जहर, काशी दर्शन के लिए महाराष्ट्र से आया था परिवार
वाराणसी {उत्तरप्रदेश}। काशी दर्शन के लिए महाराष्ट्र से वाराणसी आए एक परिवार के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। लक्सा थाना क्षेत्र स्थित एक होम स्टे में ठहरी मां-बेटे ने कथित तौर पर जहर खाकर जान दे दी। पुलिस के अनुसार, एक दिन पहले परिवार के मुखिया की बीमारी के कारण मौत हो गई थी। पति की मौत से आहत महिला और उसके बेटे ने यह कदम उठाया। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान महाराष्ट्र के रायगढ़ निवासी जया मुखर्जी (51) और उनके पुत्र ईशान मुखर्जी (27) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, परिवार के मुखिया विशाल मुखर्जी (55) अपनी पत्नी और बेटे के साथ 7 अगस्त को काशी दर्शन के लिए वाराणसी आए थे। तीनों लक्सा क्षेत्र के वाची होम स्टे में ठहरे हुए थे।
अचानक बिगड़ी थी विशाल मुखर्जी की तबीयत
पुलिस के मुताबिक, रविवार रात अचानक विशाल मुखर्जी की तबीयत बिगड़ गई। होम स्टे के कर्मचारियों और पुलिस की मदद से उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। वहीं, सोमवार को दोनों ने हरिशचंद्र घाट पर विशाल मुखर्जी का अंतिम संस्कार किया और वापस होम स्टे लौट आए।
सुबह कमरे में अचेत मिले मां-बेटे
मंगलवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर होम स्टे कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो मां-बेटे बेड पर अचेत अवस्था में पड़े मिले। दोनों के मुंह से झाग निकल रहा था और कमरे में उल्टी के निशान भी मिले। तत्काल दोनों को मंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कमरे से मिले संदिग्ध पदार्थ के पैकेट
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने कमरे की जांच की। मौके से संदिग्ध जहरीले पदार्थ के पैकेट बरामद किए गए हैं। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने दोनों के मोबाइल फोन भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आर्थिक तंगी की बात भी सामने आई है। पुलिस को मोबाइल फोन पर आए कुछ कॉल से जानकारी मिली कि विशाल मुखर्जी पर ऋण था और परिवार आर्थिक समस्याओं से जूझ रहा था। साथ ही, जया मुखर्जी की तबीयत भी लंबे समय से खराब बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच का इंतजार किया जा रहा है।
यह भी पढ़े: झारखंड विधानसभा मार्च के दौरान छात्रों पर लाठीचार्ज का आरोप, बोले- महिला छात्रों समेत कई साथी घायल