मोतिहारी जिले में ट्रांसफार्मर की मरम्मत के दौरान

मोतिहारी में ट्रांसफार्मर मरम्मत के दौरान 11 हजार वोल्ट का करंट लगने से बिजली मिस्त्री की मौत

सड़क जाम कर प्रदर्शन करते लोग

मोतिहारी (बिहार)। जिले के तुरकौलिया थाना क्षेत्र के बहरूपिया गांव में ट्रांसफार्मर की मरम्मत के दौरान 11 हजार वोल्ट की करंट लगने से एक बिजली मिस्त्री की मौत हो गई। मृतक की पहचान बिशुनपुरवा गांव निवासी 28 वर्षीय आलोक कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने शव को तुरकौलिया चौक पर रखकर सड़क जाम कर दिया, जिससे करीब दो घंटे तक आवागमन बाधित रहा।

ग्रिड से 11 हजार वोल्ट की बिजली आपूर्ति चालू 

मिली जानकारी के अनुसार, आलोक कुमार को विद्युत विभाग के कार्यालय से फोन कर बहरूपिया गांव में ट्रांसफार्मर की मरम्मत के लिए बुलाया गया था। मृतक की पत्नी नीतू कुमारी का आरोप है कि शटडाउन लेकर और जेई की मौजूदगी में मरम्मत का काम किया जा रहा था। इसी दौरान शटडाउन बहाल करने की निर्धारित प्रक्रिया पूरी किए बिना ग्रिड से 11 हजार वोल्ट की बिजली आपूर्ति चालू कर दी गई। करंट की चपेट में आने से आलोक कुमार की मौत हो गई।

सड़क जाम होने से मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार

घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मोतिहारी-अरेराज मार्ग पर स्थित तुरकौलिया चौक पर शव रखकर प्रदर्शन किया। परिजनों ने मृतक के परिवार को मुआवजा देने और एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान करने की मांग की। सड़क जाम होने से मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर तुरकौलिया थानाध्यक्ष और विद्युत विभाग के एसडीओ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया।

मृतक के परिजनों को चार लाख रुपये का मुआवजा

वहीं, तुरकौलिया के अंचलाधिकारी प्रभात कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। अंचलाधिकारी ने बताया कि सरकारी नियमावली के तहत मृतक के परिजनों को चार लाख रुपये का मुआवजा और विभागीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

यह भी पढें: कानपुर: गोकशी की घटना में वांछित दो बदमाश पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार