125 फरार अपराधियों पर 6.54 लाख रुपये का इनाम घोषित, 7 दिन में सरेंडर का अल्टीमेटम
मोतिहारी (बिहार)। पूर्वी चंपारण जिला पुलिस ने अपराध और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए एक कड़ा कदम उठाया है। पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न थानों में दर्ज गंभीर मामलों के 125 कुख्यात और फरार वांछित अपराधियों के खिलाफ इनाम की घोषणा की गई है। इन अपराधियों पर 2,000 रुपये से लेकर 25,000 रुपये तक की इनामी राशि रखी गई है, जिसके तहत कुल 6,54,000 रुपये के पुरस्कार की घोषणा की गई है।
सात दिनों में सरेंडर नहीं करने पर होगी घरों की कुर्की-जब्ती
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सूची में शामिल सभी 125 वांछित अभियुक्तों को 07 दिनों के भीतर माननीय न्यायालय के समक्ष आत्मसमर्पण करना होगा। यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर ये अपराधी सरेंडर नहीं करते हैं, तो उनके घरों की कुर्की-जब्ती की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हत्या, लूट, आर्म्स एक्ट और शराब तस्करी समेत कई गंभीर मामलों के आरोपी शामिल
घोषित सूची में विभिन्न आपराधिक वारदातों में शामिल अपराधी शामिल हैं। शीर्षवार आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक उत्पाद अधिनियम (मद्य निषेध) के 32, हत्या के 19, आर्म्स एक्ट के 15, लूट के 14, एनडीपीएस एक्ट के 10, हत्या के प्रयास के 6, अपहरण के 5, स्पिरिट माफिया के 4, बलात्कार के 4 और दहेज हत्या के 4 मामले शामिल हैं। इसके अलावा डकैती के 3, चोरी के 2, सरकारी राशि गबन के 2, गृहभेदन का 1, खाद तस्करी का 1, न्यायिक हिरासत से भागने का 1, रंगदारी का 1 तथा जातीय एवं धार्मिक उन्माद फैलाने के 1 मामले में फरार चल रहे आरोपी भी इस रडार पर हैं।
फरार अपराधियों की सूचना देने वालों को मिलेगा इनाम
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को भी इन फरार अपराधियों के बारे में कोई जानकारी मिलती है, तो वे तुरंत पुलिस अधीक्षक के आधिकारिक मोबाइल नंबर 9031827100 पर संपर्क कर सूचना दे सकते हैं। सटीक सूचना देने वाले व्यक्ति को उचित इनाम दिया जाएगा और सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी।
यह भी पढ़ें: दीप जलाने के विवाद में मारपीट से घायल महिला की मौत, परिजनों ने गिरफ्तारी की मांग की