मोतिहारी में 5 हजार का इनामी शराब आरोपी बाली महतो गिरफ्तार, कई उत्पाद अधिनियम के मामले दर्ज
मोतिहारी (बिहार)। पूर्वी चंपारण जिला पुलिस को अपराध व अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिला के जितना थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 5,000 रुपये के इनामी और उत्पाद अधिनियम कांड के एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मच गया है।
गुप्त सूचना और तकनीकी सर्विलांस के आधार पर बाली महतो गिरफ्तार
जितना थाना के थानाध्यक्ष सुधीर कुमार ने बताया कि पुलिस को लंबे समय से एक कुख्यात और इनामी आरोपी की तलाश थी। गुप्त सूचना और तकनीकी सर्विलांस के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त बाली महतो को गिरफ्तार किया है। वह थाना क्षेत्र के बिजबनी गांव का निवासी है। गिरफ्तार अभियुक्त जितना थाना कांड संख्या- 226/26 (उत्पाद कांड) में काफी समय से फरार चल रहा था और पुलिस को उसकी तलाश थी।
बाली महतो का आपराधिक इतिहास
थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त बाली महतो का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ जितना थाने में पहले से उत्पाद अधिनियम के तहत कई मामले दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उस पर पूर्व में जितना थाना कांड संख्या- 07/25 (उत्पाद कांड) और जितना थाना कांड संख्या- 163/25 (उत्पाद कांड) जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उसके अन्य आपराधिक संपर्कों और मामलों की भी गहनता से छानबीन कर रही है।
थानाध्यक्ष सुधीर कुमार के नेतृत्व में हुई छापेमारी
छापेमारी में थानाध्यक्ष सुधीर कुमार, दारोगा शिवजी पासवान, सिपाही रजनीकांत मंडल सहित अन्य पुलिस बल शामिल थे। थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें: मोतिहारी में 5 हजार का इनामी शराब कारोबारी बाली महतो गिरफ्तार, तीन मामले थे दर्ज