मोतिहारी में 5 हजार का इनामी शराब कारोबारी बाली महतो गिरफ्तार, तीन मामले थे दर्ज
मोतिहारी (बिहार)। जिले में शराब तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में जितना थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 5 हजार रुपये के इनामी फरार शराब कारोबारी बाली महतो को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई को एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
बिजबनी गांव का रहने वाला है गिरफ्तार शराब कारोबारी
गिरफ्तार कारोबारी की पहचान जितना थाना क्षेत्र के बिजबनी गांव निवासी स्वर्गीय भुट्टा महतो के पुत्र बाली महतो के रूप में हुई है। वह जितना थाना कांड संख्या 226/26, दिनांक 21 सितंबर 2026 में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 30(ए)/41(1) के तहत वांछित था। एसपी स्वर्ण प्रभात द्वारा उसकी गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
लगातार निगरानी और छापेमारी के बाद पुलिस ने इनामी अभियुक्त को दबोचा
थानाध्यक्ष सुधीर कुमार ने बताया कि इनाम की घोषणा के बाद पुलिस ने लगातार निगरानी और छापेमारी की। इसी का परिणाम रहा कि फरार इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अपराध करने वाला कोई भी व्यक्ति कानून से बच नहीं सकता। अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
शराब से जुड़े तीन मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार, बाली महतो के खिलाफ जितना थाना में शराब से जुड़े तीन मामले दर्ज हैं। इस सफल कार्रवाई में थानाध्यक्ष सुधीर कुमार के नेतृत्व में पुलिस अवर निरीक्षक शिवजी पासवान, सिपाही रजनीकांत मंडल एवं चालक कुमार शामिल रहे। एसपी स्वर्ण प्रभात के नेतृत्व और थानाध्यक्ष सुधीर कुमार की सक्रियता से क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई को मजबूती मिल रही है। ऐसी कार्रवाई से अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के बीच कानून का भय बढ़ने और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत होने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें: रायबरेली में दीपावली से खाद्य सुरक्षा विभाग का एक्शन, 1.30 लाख रुपये का 748 किलो रिफाइंड तेल सीज