शिवपुरी में मंदिर के सामने खड़ी मोटरसाइकिल में लगी भीषण आग, बाइक जलकर खाक
शिवपुरी (राजस्थान)। आबूरोड सदर थाना क्षेत्र की गिरवर चौकी अंतर्गत चनार गांव में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब गोगाजी मंदिर के सामने खड़ी एक मोटरसाइकिल में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और मोटरसाइकिल धूं-धूं कर जलने लगी। मोटरसाइकिल में अचानक आग की लपटें उठती देख आसपास मौजूद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।
काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया
आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में पूरी मोटरसाइकिल आग की चपेट में आ गई। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए बाल्टियों की मदद से मोटरसाइकिल पर पानी डालना शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक मोटरसाइकिल पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
घटना में मोटरसाइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त
घटना में मोटरसाइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि समय रहते ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया, जिससे आग आसपास के क्षेत्र में नहीं फैल सकी। फिलहाल मोटरसाइकिल में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है और मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।
यह भी पढ़ें: सिंगरौली में भारी बारिश से खाखन नदी का पुल जलमग्न, सीधी-सिंगरौली हाईवे पर यातायात ठप